‘अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों को लूटा, चेहरा भले बदले लेकिन चरित्र नहीं बदल सकता’, बीजेपी का निशाना
नई दिल्ली। बीजेपी ने एक बार फिर अरविंद केजरीवाल और दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। दिल्ली में बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि आम आदमी पार्टी के नेता उसमें बदलाव करने की कोशिश कर रहे हैं। वे भूल जाते हैं कि पार्टी का चेहरा भले बदल जाए, लेकिन उसका चरित्र नहीं बदल सकते। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि अपने चरित्र पर जो भ्रष्टाचार के काले धब्बे लगे हैं, उनको आम आदमी पार्टी के नेता साफ नहीं कर सकते। उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों को लूटा और धोखा दिया है।
उधर, आम आदमी पार्टी के विधायक अरविंद केजरीवाल के घर पर नया सीएम चुनने के लिए इकट्ठा हुए। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय और अन्य नेताओं ने अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के एलान और नए सीएम के चुनाव के बारे में बयान दिए। वहीं, पार्टी प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के खिलाफ साजिश हुई।
अरविंद केजरीवाल ने रविवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक में एलान किया था कि वो दिल्ली के सीएम का पद मंगलवार को छोड़ देंगे। अरविंद केजरीवाल ने ये भी कहा था कि उनका और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया का कहना है कि जब फिर दिल्ली की जनता उनको ईमानदार साबित करते हुए सत्ता सौंपेगी, तभी वे पद संभालेंगे। अरविंद केजरीवाल की तरह मनीष सिसोदिया भी कथित शराब घोटाला मामले में आरोपी हैं।
मनीष सिसोदिया करीब 17 महीने जेल में रहने के बाद जमानत पर छूटे। वहीं, अरविंद केजरीवाल इस साल मार्च में गिरफ्तार होने के बाद बीते दिनों ही तिहाड़ जेल से बाहर आए हैं। अरविंद केजरीवाल ने पहले एलान किया था कि वो जेल में रहकर ही दिल्ली की सरकार चलाएंगे। हालांकि, ऐसा वो कर नहीं सके। वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने जमानत देते वक्त अरविंद केजरीवाल से कहा कि वो सीएम के दफ्तर नहीं जा सकते और फाइलों पर दस्तखत भी नहीं कर सकते। जांच में भी अरविंद केजरीवाल को सहयोग करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने कहा है।
