July 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली का सीएम आवास खाली करेंगे अरविंद केजरीवाल?, जानिए आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह क्या बोले

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के सीएम पद से इस्तीफा दे दिया है। जाहिर है कि दिल्ली का सीएम पद छोड़ने के बाद अरविंद केजरीवाल को मिली कई और सुविधाएं भी खत्म होंगी। इनमें दिल्ली का सीएम आवास भी शामिल है। अरविंद केजरीवाल अब दिल्ली के सीएम नहीं रहेंगे, तो उनको सीएम आवास भी खाली करना होगा। अरविंद केजरीवाल दिल्ली के सीएम का आवास कब खाली करेंगे? इस सवाल का जवाब आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दिया है।

सांसद संजय सिंह के अनुसार अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के सीएम पद से इस्तीफा दिया है, तो वो अब इस पद के लिए मिलने वाली सभी सरकारी सुविधाएं भी छोड़ देंगे। संजय सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल एक हफ्ते में ही सीएम का सरकारी आवास खाली कर देंगे। संजय सिंह ने इस जानकारी के बीच ये भी आशंका जताई कि अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा को खतरा है। संजय सिंह ने कहा कि कई बार अरविंद केजरीवाल पर हमले की कोशिश हुई। उनको शारीरिक चोट पहुंची। बीजेपी के लोगों ने अरविंद केजरीवाल पर हमले कराए। संजय सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के परिवार की सुरक्षा के मसले पर आम आदमी पार्टी चिंतित है।

अरविंद केजरीवाल को वो सीएम आवास खाली करना पड़ रहा है, जिसके मामले में उन पर भ्रष्टाचार का आरोप भी लगा है और सीबीआई को जांच सौंपी गई है। आरोप लगा था कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के सीएम आवास में महंगे परदे और महंगे टॉयलेट लगाए। अरविंद केजरीवाल की तरफ से दिल्ली के सीएम आवास का रंग-रूप बदलने के बाद लोगों ने शीशमहल बना देने का तंज भी कसा था। ये आरोप भी लगा कि अरविंद केजरीवाल ने आसपास के कई मकानों को मिलाकर दिल्ली के सीएम आवास को भव्य रूप दिया। अब सबकी नजर इस पर भी है कि सीएम आवास खाली करने के बाद अरविंद केजरीवाल कहां रहते हैं। पहले वो गाजियाबाद के कौशांबी में रहते थे। अब विधायक और एक राष्ट्रीय पार्टी का चीफ होने के नाते नियमों के तहत बड़ा बंगला हासिल करने का उनको अधिकार है।

You may have missed