‘भारत कुछ कहता है तो अब दुनिया उसे सुनती है’, अमेरिका के नासाऊ कोलेज़ियम में बोले पीएम मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने अमेरिकी दौरे के तहत न्यूयॉर्क के लॉन्ग आइलैंड स्थित नासाऊ वेटरन्स मेमोरियल कोलिज़ीयम पहुंचे, जहां वे भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी जुट चुके हैं और उनका गर्मजोशी से स्वागत कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान उनके भाषण की मुख्य बातें:
युद्ध का युग नहीं’
पीएम मोदी ने कहा कि यह समय युद्ध का नहीं है, और इसकी गंभीरता को दुनिया ने समझा है। भारत की साझेदारी अब दुनिया के हर कोने में बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि पहले भारत समान दूरी की नीति पर चलता था, लेकिन अब यह समान नजदीकी की नीति पर काम कर रहा है। आज भारत ग्लोबल साउथ की एक मजबूत आवाज बनकर उभरा है।
इवेंट वेन्यू छोटा पड़ गया
न्यूयॉर्क में आयोजित एक इवेंट के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि इस कार्यक्रम में बहुत से लोग शामिल नहीं हो पाए क्योंकि वेन्यू छोटा था। उन्होंने आश्वासन दिया कि उन लोगों से किसी अन्य दिन, किसी दूसरे स्थान पर मुलाकात होगी।
2036 ओलंपिक की मेजबानी का लक्ष्य
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी करने की पूरी तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत अब किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं रहना चाहता और संस्कृति से लेकर फिल्मों तक हर क्षेत्र में भारत की गूंज होनी चाहिए।
दबदबा नहीं, प्रभाव बढ़ाना चाहते हैं
पीएम मोदी ने कहा कि भारत की प्राथमिकता दबदबा बढ़ाने की नहीं, बल्कि प्रभाव डालने की है। उन्होंने कहा कि भारत सूरज की तरह रोशनी देना चाहता है, सहयोग बढ़ाना चाहता है। उन्होंने पर्यावरण को संरक्षित करने की अपील की और “एक पेड़ मां के नाम” पहल का जिक्र किया।
भारत की आवाज दुनिया सुनती है
पीएम मोदी ने कहा कि जब भारत कुछ कहता है तो अब दुनिया उसे सुनती है। उन्होंने बताया कि आपदाओं के समय भारत हमेशा सबसे पहले मदद के लिए पहुंचा है। आज का भारत दुनिया के सामने नए अवतार में उभर रहा है, और इसका प्रभाव हर क्षेत्र में देखा जा सकता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मैंने हमेशा प्रवासी भारतीयों की क्षमताओं को समझा है। मैं इसे तब भी समझता था जब मेरे पास कोई आधिकारिक पद नहीं था…मेरे लिए, आप सभी भारत के मजबूत ब्रांड एंबेसडर रहे हैं। यही कारण है कि मैं आपको ‘राष्ट्रदूत’ कहता हूं…”
न्यूयॉर्क के नासाउ कोलिज़ियम में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “…आपका प्यार मेरा सौभाग्य है…”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नासाऊ कोलेज़ियम में कार्यक्रम स्थल पर पहुंच चुके हैं। लोगों में उत्साह चरम पर है और “मोदी-मोदी” के नारे गूंज रहे हैं।
प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर कार्यक्रम स्थल पर उतरते ही भारी भीड़ में जोश भर गया। भारतीय समुदाय के लोग अपने-अपने मोबाइल फोन निकालकर इस ऐतिहासिक क्षण को कैद करने में जुट गए हैं।
कार्यक्रम स्थल पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का दौर जारी है। कई प्रसिद्ध कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया है। दर्शक बेसब्री से पीएम मोदी के संबोधन का इंतजार कर रहे हैं।
नासाऊ कोलेज़ियम में भारी भीड़ जमा हो चुकी है। बीजेपी नेता और गायक हंस राज हंस ने कहा, “ऐसा लग रहा है कि पूरा अमेरिका ही यहां इकट्ठा हो गया है। पीएम मोदी को सुनने के लिए लोग बेहद उत्साहित हैं।”
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हो चुकी है, जो पीएम मोदी के संबोधन से पहले भारतीय संस्कृति और कला की झलक पेश कर रहे हैं। भारतीय समयानुसार रात 9 बजे प्रधानमंत्री भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे।
