खुद समझ जाओ, नहीं तो हम समझाना भी जानते हैं’ इजरायल के पीएम नेतन्याहू की हिजबुल्लाह को चेतावनी
नई दिल्ली। मीडिल ईस्ट में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। हाल ही में लेबनान में 3,000 पेजर और दर्जनों वॉकी-टॉकी में हुए धमाकों के बाद हिज़बुल्लाह प्रमुख ने इजरायल पर रॉकेट हमलों का दावा किया था। इसके जवाब में, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हिज़बुल्लाह को कड़ी चेतावनी दी है।
‘समझ जाओ वरना हम जानते हैं समझाना’
प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “तेल अवीव (इजरायल का प्रमुख शहर) ने हाल के दिनों में हिज़बुल्लाह पर ऐसे हमले किए हैं जो उनकी कल्पना से परे हैं। अगर हिज़बुल्लाह अब भी इस संदेश को नहीं समझता है, तो मैं वादा करता हूं कि वह इसे जल्द समझ जाएगा।” यह बयान तब आया जब इजरायल ने हिज़बुल्लाह के ठिकानों पर कई हमले किए।
इजरायली सेना का दावा: 290 टारगेट पर हमला
इजरायली सेना ने भी शनिवार को हिज़बुल्लाह के खिलाफ बड़े हमलों का दावा किया। आईडीएफ ने कहा कि उसने लगभग 290 टारगेट्स पर हमला किया, जिसमें हजारों रॉकेट लॉन्चर बैरल और हथियारों के डिपो शामिल थे। सेना ने कहा कि ये हमले ईरान समर्थित हिज़बुल्लाह मूवमेंट के खिलाफ हैं और आगे भी जारी रहेंगे।
हिज़बुल्लाह के वरिष्ठ अधिकारी की मौत
इजरायल ने 20 सितंबर को किए गए हवाई हमलों में हिज़बुल्लाह के वरिष्ठ नेता इब्राहिम अकील के मारे जाने का दावा किया। हिज़बुल्लाह ने भी इस हमले में अपने प्रमुख नेता अकील और अहमद वहबी सहित 16 सदस्यों के मारे जाने की पुष्टि की है। संगठन के मुताबिक, इजरायल के साथ पिछले एक साल से जारी संघर्ष में यह सबसे बड़ा नुकसान है।
लेबनान में बढ़े हमले, 39 की मौत
इस सप्ताह के शुरुआत में लेबनान में हमले और तेज़ हो गए हैं। हिज़बुल्लाह के सदस्य जिस उपकरण का इस्तेमाल कर रहे थे, उनमें अचानक विस्फोट हो गया। इन विस्फोटों के लिए हिज़बुल्लाह ने इजरायल को जिम्मेदार ठहराया है। अब तक मरने वालों की संख्या 39 पहुंच गई है और 3,000 से अधिक लोग घायल हो चुके हैं।
