April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बांग्लादेश में दुर्गा पूजा पंडालों को भी कट्टरपंथी बना रहे निशाना

नई दिल्ली। बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार के तख्तापलट के बाद से कट्टरपंथियों द्वारा लगातार हिंदू समुदाय पर हमला किया जा रहा है। इतना ही अब तो कट्टरपंथी दुर्गा पूजा पंडाल को भी निशाना बना रहे हैं ताकि पूजा में बाधा डाल सकें। दुर्गा पूजा पंडाल में हुई इस प्रकार की लगभग 35 हिंसक घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हालांकि इस मामले में पुलिस ने लगभग 17 लोगों को गिरफ्तार भी किया है और 11 एफआईआर दर्ज हुई हैं। आपको बता दें कि कुछ समय पहले ही इस्लामी समूहों ने हिंदू पूजा स्थलों को लेकर धमकी दी थी।

कट्टरपंथियों की इन धमकियों के बाद बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के धार्मिक मामलों के सलाहकार एएफएम खालिद हुसैन ने सांप्रदायिक सद्भाव को बाधित करने या पूजा स्थलों को निशाना बनाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद भी कट्टरपंथियों के हौसले बुलंद हैं और वो हिंदूओं को निशाना बनाने से बाज नहीं आ रहे हैं। अभी दो दिन पहले ही बांग्लादेश में सतखीरा स्थित जेशोरेश्वरी मंदिर से माता का मुकुट चोरी हो गया है। इस मुकुट को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2021 में बांग्लादेश यात्रा के दौरान मंदिर में चढ़ाया था।

भारतीय उच्चायोग ने इस मामले पर नाराजगी और चिंता व्यक्त की थी। भारत ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार से मुकुट वापस खोजने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। मूर्ति से मुकुट चोरी होने का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है और पुलिस मुकुट चोर की तलाश कर रही है। आज ही विजयादशमी पर्व पर दिए अपने संबोधन में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही हिंसा पर चिंता जताई है। उन्होंने दुनिया भर में रहने वालों हिंदुओं से एकजुट और सशक्त होने का आह्वान किया। भागवत ने कहा, अगर हम कमजोर हैं, तो हम अत्याचार को न्योता दे रहे हैं।