कांग्रेस ने मानी पार्टी में गुटबाजी की बात, हरियाणा में हार कारण बताया
नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा चुनाव में मिली हार को कांग्रेस पार्टी पचा नहीं पा रही है। कांग्रेस नेता लगातार ईवीएम पर दोष मढ़ रहे हैं और बीजेपी पर भी आरोप लगा रहे हैं। इस बीच कांग्रेस ने पार्टी में गुटबाजी की बात को स्वीकार किया है। हरियाणा चुनाव के नतीजों के संबंध में कांग्रेस की समीक्षा बैठक पर पार्टी नेता संदीप दीक्षित ने कहा कि कांग्रेस में गुटबाजी रही है, यह कोई नई बात नहीं है। कांग्रेस कैडर-आधारित पार्टी नहीं है, इसलिए पार्टी के भीतर पद पाने या अपने लोगों को सीटें दिलवाने के लिए थोड़ी खींचतान होती रहती है।
दीक्षित ने कहा कि हमारी पार्टी का चरित्र दूसरी पार्टियों से अलग है। जब ज्यादा नेता होते हैं तो थोड़ी खींचतान तो होती ही है। हम यह नहीं कह सकते कि कोई ऐसा चुनाव हुआ है जिसमें हर कोई 100 प्रतिशत साथ रहा है। कई बार नेता अपना कैडर बढ़ाने के लिए उन लोगों को टिकट देना शुरू कर देते हैं जो शायद इसके लायक नहीं हैं, जो चुनाव जीत नहीं सकते, तो पार्टी को नुकसान होता है। वहीं ईवीएम को लेकर संदीप दीक्षित ने कहा कि हरियाणा चुनाव में जहां-जहां कांग्रेस जीती वो ज्यादा मतों से जीती और जहां बीजेपी जीती वो कम मतों से जीती। हमारा मानना है कि मार्जिन कम होने पर ईवीएम में गड़बड़ी सामने आती है।
संदीप ने कहा, मैंने खुद अधिकारियों को देखा है कि वो गिनती में गड़बड़ी करते हैं इसलिए संदेह पैदा होता है कि इतना अंतर कैसे हो जाता है। उन्होंने कहा कि आप एग्ज़िट पोल पर भरोसा करें या न करें, लेकिन इसमें कुछ सच्चाई ज़रूर है। वहीं, कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा, हरियाणा में निश्चित तौर पर कांग्रेस के कुछ लोगों ने भितरघात किया होगा, इसमें कोई शक नहीं है। लेकिन बीजेपी की इतनी बड़ी जीत जो पिछले कई साल से कभी नहीं हुई, निश्चित रूप से इसमें ईवीएम का हाथ है।
