कांग्रेस और राहुल गांधी के दोहरे मापदण्ड से सतर्क रहने की मायावती ने दी सलाह
नई दिल्ली। एससी, एसटी और ओबीसी जातियों के आरक्षण मुद्दे पर बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) सुप्रीमो मायावती ने एक बार फिर मुखर होते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है। मायावती ने लोगों को कांग्रेस और राहुल गांधी के दोहरे मापदंड से बचने की सलाह दी है। इतना ही नहीं बीएसपी सुप्रीमो ने तो यहां तक कह दिया कि एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण पर राहुल गांधी और कांग्रेस की नीति दोगली और छलकपट की है।
मायावती ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट के जरिए कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर बरसते हुए कहा कि एससी, एसटी और ओबीसी जातियों के लोगों का वोट पाने की खातिर अपने देश में राहुल गांधी इनके आरक्षण का समर्थन करते हैं और इसे 50 प्रतिशत से ऊपर बढ़ाने की वकालत भी करते हैं। मगर जब यही राहुल गांधी विदेश में होते हैं तो वहां जाकर आरक्षण को खत्म करने की बात करते हैं। राहुल गांधी के इस तरह के दोहरे मापदण्ड से लोगों को सचेत रहना चाहिए।
बीएसपी सुप्रीमो ने यह भी सच है कि केन्द्र में जब कांग्रेस सरकार थी तब ओबीसी आरक्षण सम्बन्धी मण्डल कमीशन रिपोर्ट लागू नहीं की थी। साथ ही, बीएसपी के संघर्ष से एससी, एसटी के पदोन्नति में आरक्षण को प्रभावी बनाने के लिए संसद में लाए गए संविधान संशोधन बिल को भी कांग्रेस ने पास नहीं होने दिया, जो अभी तक लम्बित है। इस मामले में कांग्रेस की पूर्व सरकार ने कोर्ट में भी सही से पैरवी नहीं की। आरक्षण विरोधी कांग्रेस व अन्य पार्टियों से भी एससी, एसटी और ओबीसी समाज लोग सजग रहें। साथ ही, केन्द्र में रही कांग्रेस सरकार द्वारा जातीय जनगणना नहीं कराना और अब सत्ता से बाहर होने पर इस बारे में आवाज उठाना, यह सब ढोंग नहीं तो और क्या है?
