April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

विमानों में बम की धमकियों का सिलसिला जारी, इंडिगो और अकासा की कई उड़ानों को मिला अलर्ट

नई दिल्ली। बीते कुछ दिनों में विमानों में बम होने की धमकियों का सिलसिला तेजी से बढ़ गया है। रविवार, 20 अक्टूबर को देश की विभिन्न एयरलाइनों की कम से कम 14 उड़ानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसमें इंडिगो और अकासा एयरलाइंस की उड़ानें शामिल हैं। इंडिगो की छह उड़ानों को धमकी मिली, जिनमें तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानें थीं।

इंडिगो की उड़ानों को मिली धमकियां:

1. जेद्दा-मुंबई (6E 58)

2. दिल्ली-इस्तांबूल (6E 11)

3. मुंबई-इस्तांबूल (6E 17)

4. कोझीकोडे-दम्मम (6E 87)

5. पुणे-जोधपुर (6E 133)

6. गोवा-अहमदाबाद (6E 112)

जोधपुर एयरपोर्ट पर पुणे से आई फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

पुणे से जोधपुर जा रही इंडिगो की उड़ान 6E133 को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद फ्लाइट को सुरक्षित रूप से जोधपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया। एयरपोर्ट पर विमान और यात्रियों की गहन जांच की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर फायर ब्रिगेड, डॉग स्क्वाड और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं।

इंडिगो ने घटना के बाद बयान जारी करते हुए कहा, “जिन-जिन फ्लाइट्स को धमकी मिली है, हम उन पर नजर बनाए हुए हैं। यात्रियों और क्रू की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम संबंधित अधिकारियों के साथ तालमेल कर रहे हैं और सभी जरूरी सावधानियां बरती जा रही हैं।”

अकासा एयर की भी फ्लाइट्स को मिली धमकी

अकासा एयरलाइंस की फ्लाइट्स को भी रविवार को बम की धमकी मिली। अकासा एयर के प्रवक्ता ने बताया कि छह उड़ानों को सुरक्षा के लिहाज से अलर्ट किया गया। धमकी के बाद सभी फ्लाइट्स ने स्थानीय सुरक्षा अधिकारियों के साथ तालमेल कर इमरजेंसी प्रक्रियाओं का पालन किया।

अकासा एयर की किन फ्लाइट्स को धमकी मिली

1. अहमदाबाद से मुंबई (QP 1102)

2. दिल्ली से गोवा (QP 1378)

3. मुंबई से बागडोगरा (QP 1385)

4. दिल्ली से हैदराबाद (QP 1406)

5. कोच्चि से मुंबई (QP 1519)

6. लखनऊ से मुंबई (QP 1526)

अकासा एयर ने भी कहा, “सभी उड़ानों के क्रू मेंबर्स और कैप्टन ने सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया और संबंधित नियामक अधिकारियों को तुरंत सूचित किया गया। हमारी इमरजेंसी रिस्पांस टीम को भी सक्रिय कर दिया गया।”

धमकियों का बढ़ता सिलसिला

गौरतलब है कि शनिवार, 19 अक्टूबर को भी इंडिगो और अकासा एयरलाइंस की पांच-पांच फ्लाइट्स को धमकी भरे कॉल आए थे। लगातार मिल रही इन धमकियों के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और सभी आवश्यक कदम उठा रही हैं।