May 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कमला हैरिस या डोनाल्ड ट्रंप में से कौन जीतेगा अमेरिका का राष्ट्रपति चुनाव?, ताजा सर्वे बता रहे हाल

वॉशिंगटन। अमेरिका में 5 नवंबर को राष्ट्रपति चुनाव है। इस चुनाव में सत्तारूढ़ डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से उप राष्ट्रपति कमला हैरिस प्रत्याशी हैं। कमला हैरिस को रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चुनौती दे रहे हैं। दोनों के बीच कांटे के टक्कर की बात कही जा रही है। अब फॉक्स न्यूज के ताजा सर्वे ने अमेरिका के राष्ट्रपति पद के लिए कमला हैरिस और डोनाल्ड ट्रंप के बीच मुकाबले का हाल बताया है। जानिए फॉक्स के इस सर्वे में क्या जानकारी दी गई है।

फॉक्स न्यूज ने बताया कि अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव में अब तक 60 मिलियन लोग वोट डाल चुके हैं। अब भी वहां के कई राज्यों में वोटिंग चल रही है। फॉक्स न्यूज के सर्वे के मुताबिक पेंसिलवेनिया और नॉर्थ कैरोलिना में डोनाल्ड ट्रंप 1 फीसदी से कमला हैरिस से आगे हैं। जबकि, मिशिगन में दोनों के पक्ष में बराबर वोटर हैं।

फॉक्स के सर्वे में बताया गया है कि एरिजोना, नेवादा, विस्कॉन्सिन और जॉर्जिया में भी डोनाल्ड ट्रंप और कमला हैरिस के बीच खासी टक्कर होने की उम्मीद है। इससे पहले सीएनएन के सर्वे में बताया गया था कि कमला हैरिस और डोनाल्ड ट्रंप के पक्ष में 47-47 फीसदी वोटर हैं। वहीं, अमेरिका में रहने वाले भारतीयों में से ज्यादातर के कमला हैरिस के पक्ष में वोट डालने की संभावना एक अन्य सर्वे में जताई गई थी। ताजा मसला ये भी है कि राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अपने एक बयान में ‘कचरा’ की बात कही। इस पर ट्रंप ने आरोप लगाया है कि बाइडेन ने उनके समर्थकों को कचरा कहा है। इसके खिलाफ ट्रंप कचरा गाड़ी चलाकर अपने रैली स्थल भी गए। बाइडेन के इस बयान का भी चुनाव पर असर पड़ सकता है।

अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में गर्भपात, अवैध अप्रवासी, यूक्रेन-रूस की जंग, फिलिस्तीन और इजरायल जैसे मुद्दे उठाए गए हैं। डोनाल्ड ट्रंप और कमला हैरिस के बीच बयानों की जंग तेज है। दोनों का कहना है कि अगर प्रतिद्वंद्वी जीता, तो अमेरिका के खराब दिन आएंगे। डोनाल्ड ट्रंप ये भी दावा कर रहे हैं कि उनके राष्ट्रपति रहते वक्त दुनिया में शांति थी। ट्रंप का वादा है कि वो रूस-यूक्रेन की जंग रुकवा देंगे और इजरायल और उसके दुश्मनों के बीच भी शांति स्थापित कराएंगे। अब सबकी नजर 5 नवंबर पर है। जब अमेरिका के वोटर तय करेंगे कि उनको अगले राष्ट्रपति के तौर पर कमला हैरिस चाहिए या फिर डोनाल्ड ट्रंप।