May 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कमला हैरिस के समर्थकों में छाई उदासी, हॉवर्ड यूनिवर्सिटी में स्पीच का कार्यक्रम रद्द

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप की जीत के साथ ही डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस और उनके समर्थकों को बड़ा झटका लगा है। इसी के साथ कमला हैरिस की स्पीच का हॉवर्ड यूनिवर्सिटी में कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। कमला हैरिस के उदास और निराश समर्थक चेहरा लटकाए हुए कार्यक्रम स्थल से वापस लौट रहे हैं। ट्रंप ने सभी 7 स्विंग स्टेट्स में भी लीड लेते हुए कमला हैरिस की जीत की उम्मीद पर पानी फेर दिया। डेमोक्रेटिक उम्मीदवार और अमेरिका की मौजूदा उपराष्ट्रपति कमला हैरिस चुनावी परिणामों में शुरुआत से ही ट्रंप से पीछे रहीं।

वोटों की गिनती के दौरान एक बार भी ऐसा मौका नहीं आया जब हैरिस ने ट्रंप को पछाड़ा हो। हालांकि, वोटों की गिनती के दौरान बीच में एक समय ऐसा आया जब कमला हैरिस ने अपने विरोधी डोनाल्ड ट्रंप को कड़ी टक्कर देते हुए वापसी की। उसके बाद ऐसा लगा कि शायद आगे उलटफेर देखने को मिले। हैरिस के समर्थक जीत की उम्मीद लगाए बैठे उनकी स्पीच को सुनने के लिए हॉवर्ड यूनिवर्सिटी परिसर में बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। माना जा रहा था कि 7 स्विंग स्टेट्स में वोटों की गिनती के बाद कमला हैरिस बढ़त ले सकती हैं मगर उम्मीद के विपरीत सभी 7 स्विंग स्टेट्स में रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने लीड लेते हुए डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला को जबर्दस्त तरीके से पछाड़ दिया।

आपको बता दें कि अमेरिका का राष्ट्रपति चुने जाने के लिए 270 वोट हासिल करने की आवश्यकता होती है और अमेरिकी मीडिया में ऐसा दावा किया जा रहा है कि ट्रंप ने बहुमत के इस आंकड़े को पार कर लिया है। कमला हैरिस के समर्थकों के लिए यह बहुत बड़ा झटका है क्यों कि उनके समर्थक जीत के लिए पूरी तरह से आश्वस्त थे। दूसरी ओर डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों के चेहरों पर खुशी साफ जाहिर हो रही है।