‘सड़कों को यूरोप जैसा…यमुना और साफ पीने का पानी…’, अरविंद केजरीवाल ने माना नहीं पूरे कर सके ये 3 वादे
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने माना है कि वो राजधानी के लोगों से किए गए 3 वादे पूरे नहीं कर सके। न्यूज चैनल एबीपी से बातचीत में अरविंद केजरीवाल ने इसके लिए कोरोना महामारी और खुद को झूठे मामलों में फंसाने की दलील दी है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर दिल्ली की जनता ने उनको फिर से मौका दिया, तो वो ये तीन वादे पूरे करेंगे।
अरविंद केजरीवाल ने न्यूज चैनल से कहा कि वो दिल्ली की सड़कों को यूरोप के मॉडल पर शानदार बनाना चाहते हैं। वो यमुना को साफ और हर घर 24 घंटे साफ पानी भी देना चाहते हैं। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछली बार दिल्ली की जनता से चुनाव में उन्होंने ये वादे किए थे, लेकिन पूरे नहीं कर सके। अगर दिल्ली की जनता उनको फिर मौका देगी, तो तीनों वादे पूरे कर देंगे। दोबारा दिल्ली का सीएम बनने के सवाल पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर दिल्ली की जनता ने फिर से वोट देकर जिताया, तो सीएम की कुर्सी पर बैठेंगे। उन्होंने कहा कि अगर जनता को लगता है कि ईमानदार हूं, तो मुझे वोट दे। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनको जनता के सर्टिफिकेट का इंतजार है।
दिल्ली में फरवरी 2025 में विधानसभा के चुनाव हैं। अरविंद केजरीवाल एक बार फिर दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाना चाहते हैं। वहीं, विपक्षी बीजेपी उनको लगातार घेर रही है। इस पर अरविंद केजरीवाल का कहना है कि अगर आम आदमी पार्टी की सरकार न बनी, तो दिल्ली में लोगों को मुफ्त बिजली और पानी की सुविधा बंद हो जाएगी। खास बात ये है कि अरविंद केजरीवाल के खिलाफ उनकी सहयोगी रही कांग्रेस भी निशाना साध रही है। वहीं, अरविंद केजरीवाल ने साफ कह दिया है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में वो गठबंधन नहीं करेंगे। अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस ने मिलकर दिल्ली की लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन सभी 7 सीटों पर फिर बीजेपी की जीत हुई थी।
