शरद पवार को महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने दिखाया आईना, वोटों और सीट का गणित समझाकर दी ये सलाह
मुंबई। एनसीपी-एसपी नेता शरद पवार ने वोटों की संख्या को सीटों के मुकाबले बताया, तो महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने भी उनको आईना दिखा दिया। शरद पवार ने एक बयान में कहा कि विपक्ष को हतोत्साहित न होकर उन लोगों के पास जाना चाहिए, जो महाराष्ट्र में महायुति की सरकार बनने से खुश नहीं हैं। इसके साथ ही बयान में शरद पवार ने वोटों और सीटों की संख्या को लेकर भी अचरज जताया था। पवार ने इसे अचरज भरा बताया और कहा कि कांग्रेस ने 80 लाख वोट पाए और 15 सीट जीती। वहीं, एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 79 लाख वोट पर 57 सीटें मिलीं। शरद पवार ने ये भी कहा कि अजित पवार की एनसीपी को 58 लाख वोट पर 41 सीट मिलीं। जबकि, उनकी खुद की पार्टी को 72 लाख वोट पर 10 सीटें ही मिलीं।
शरद पवार के इस बयान पर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने उनको आईना दिखाया और कहा कि शरद पवार वरिष्ठ नेता हैं और उनको देश को गुमराह नहीं करना चाहिए। देवेंद्र फडणवीस ने शरद पवार के लिए ये भी कहा कि अगर आप अपनी पराजय स्वीकार करते हैं, तो इससे जल्दी बाहर आ जाएंगे। फडणवीस ने ये भी कहा कि शरद पवार और उनके सहयोगियों को वो आत्मनिरीक्षण करने की सलाह दे रहे हैं। वोटों और सीट के गणित पर शरद पवार के सवाल उठाए जाने के बारे में देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि बीजेपी ने लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में 14913914 वोट पाए थे और 9 सीटें ही जीती थीं। जबकि, कांग्रेस को 9641856 वोट मिले थे और उसने 13 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की थी।
बता दें कि महाराष्ट्र में विपक्ष ने ईवीएम पर सवाल उठाया है। विपक्षी विधायकों ने शनिवार को विधानसभा की शपथ भी नहीं ली थी। उद्धव ठाकरे के विधायक बेटे आदित्य ठाकरे ने आरोप लगाया था कि महाराष्ट्र की जनता ने विधानसभा चुनाव में फैसला नहीं सुनाया है। ये ईवीएम का फैसला है। इस पर एनसीपी प्रमुख और डिप्टी सीएम अजित पवार ने कहा था कि महाराष्ट्र के विपक्षी दलों को चुनाव आयोग से शिकायत करनी चाहिए और वहां भी अगर दिक्कत है, तो कोर्ट जाना चाहिए। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति की तरफ से बीजेपी ने 132, एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने 57 और अजित पवार की एनसीपी ने 41 सीट जीती हैं। वहीं, महाविकास अघाड़ी में शामिल उद्धव ठाकरे की पार्टी ने 20, कांग्रेस ने 16 और शरद पवार की पार्टी ने 10 सीट हासिल की। जबकि, महाविकास अघाड़ी ने लोकसभा चुनाव में बहुत बेहतर प्रदर्शन किया था। इसी को आधार बनाकर महाविकास अघाड़ी आरोप लगा रही है कि ईवीएम में गड़बड़ी कर महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति को जिताया गया।
