महाराष्ट्र में अकोला के बाद अब अहमदनगर में सांप्रदायिक हिंसा, कई घायल, 50 हिरासत में
अहमदनगर। महाराष्ट्र में अकोला के बाद अब रविवार को अहमदनगर में हिंसा की घटना हुई है। अहमदनगर में धार्मिक यात्रा के दौरान जुलूस पर पथराव हुआ। जिसके बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए। जमकर पथराव और मारपीट हुई। मौके पर पहुंची पुलिस को भी निशाना बनाया गया। इसमें 8 पुलिसकर्मियों के चोटिल होने की खबर है। पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए हिंसा करने वालों में से 50 लोगों को हिरासत में लिया है। इससे पहले शनिवार रात को अकोला में दो पक्षों में जमकर पथराव और हिंसा हुई थी। वहां गाड़ियों को फूंका गया था। हिंसा में 1 शख्स की मौत हुई थी और पुलिसकर्मी समेत 3 लोग घायल हुए थे।
अकोला में 45 से ज्यादा उपद्रवियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और गृह विभाग देख रहे देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा। अकोला में रविवार को शांति रही। पुलिस ने दोनों समुदायों के लोगों के साथ बैठक की थी। अकोला में बड़ी तादाद में पुलिसबल तैनात है। मोबाइल इंटरनेट बंद रखा गया है और पूरे शहर में धारा 144 लगी है। अहमदनगर में हुई हिंसा के बारे में सूत्रों का कहना है कि यहां भी पुलिस की बड़े पैमाने पर तैनाती की गई है।
महाराष्ट्र में इससे पहले भी सांप्रदायिक हिंसा की घटनाएं हो चुकी हैं। एकनाथ शिंदे सरकार के सत्ता संभालने के बाद ऐसी घटनाएं हुईं। सीएम शिंदे ने सख्त हिदायत दे रखी है कि प्रदेश की शांति व्यवस्था को बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। ऐसे में महाराष्ट्र पुलिस हर बार हिंसा करने वाले उपद्रवियों पर सख्ती बरतती रहती है। बताया जा रहा है कि अकोला और अहमदनगर में पुलिस अभी और उपद्रवियों की पहचान कर रही है। ऐसे में आने वाले वक्त में गिरफ्तारियों की संख्या बढ़ने के आसार हैं। फिलहाल प्रदेश में दो जगह हुई हिंसा के बाद महाराष्ट्र में पुलिस को चौकसी बढ़ाने के निर्देश सरकार ने दिए हैं।
