‘वो आंखें सेंकने जा रहे हैं…’, नीतीश कुमार की महिला संवाद यात्रा पर विवादित बयान देकर घिरे लालू यादव
पटना। लालू यादव ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार के बारे में अशोभनीय और विवादित बयान दिया। इसे लेकर सियासत गर्माती दिख रही है। दरअसल, नीतीश कुमार महिला संवाद यात्रा करने जा रहे हैं। इस बारे में लालू यादव से सवाल पूछा गया, तो लालू ने कहा कि नैन सेंकने जा रहे हैं। लालू यादव ने इस बारे में दोबारा पूछे जाने पर कहा कि वो सिर्फ आंखें सेंकने जा रहे हैं। उनको जाने दीजिए। लालू यादव के अशोभनीय बोल तो नीतीश कुमार के प्रति थे, लेकिन इससे महिलाओं का अपमान भी जुड़ा हुआ है।
पहले भी लालू यादव कई बार विवादित बयानों के मामले में घिर चुके हैं। लालू यादव इंडी गठबंधन के वरिष्ठ नेता हैं। इंडी गठबंधन के गठन में लालू यादव की बड़ी भूमिका रही है। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी को वो बड़ा स्नेह भी देते दिखे, लेकिन लालू यादव ने अब इंडी गठबंधन के नेतृत्व के मसले पर टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी का पक्ष भी लिया है।
अब जिस तरह उनके ताजा बयान पर सवाल खड़े हुए हैं, उसका ताप कांग्रेस और इंडी गठबंधन के बाकी दलों को भी झेलना पड़ सकता है। बिहार में अगले साल यानी 2025 में विधानसभा चुनाव हैं। उसमें भी लालू का महिला विरोधी बयान विपक्ष को बड़ा हथियार दे सकता है। लालू यादव के ताजे बयान ने बिहार में उनको बीजेपी और जेडीयू के निशाने पर ला दिया है।
वहीं, इंडी गठबंधन के नेता भी कई बार महिला विरोधी बयानों के कारण चर्चा में रहे हैं। कांग्रेस के नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने एक बार अपनी पार्टी की महिला सांसद को सौ टंच माल कह दिया था। वहीं, कांग्रेस के सांसद रहते अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के लिए अशोभनीय बयान देकर सियासत में भूचाल ला दिया था। अधीर रंजन चौधरी ने बाद में राष्ट्रपति को चिट्ठी लिखकर माफी भी मांगी थी।
