April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

एआई इंजीनियर अतुल सुभाष की आत्महत्या मामले में पत्नी और ससुराल के लोगों पर केस दर्ज कर बेंगलुरु पुलिस ने शुरू की जांच

बेंगलुरु। एआई इंजीनियर अतुल सुभाष की खुदकुशी मामले में बेंगलुरु पुलिस ने पत्नी और उसके परिवार पर बीएनएस की धारा 108 3(5) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की है। अतुल सुभाष ने आत्महत्या से पहले 1.30 घंटे का वीडियो बनाया था और 24 पेज का सुसाइड नोट लिखा था। अतुल सुभाष ने अपने वीडियो और सुसाइड नोट में पत्नी और परिवार के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए थे। अतुल सुभाष ने आरोप लगाया था कि पत्नी ने उन पर 9 केस दर्ज कराए और बीते 2 साल में यूपी के जौनपुर में 200 बार फैमिली कोर्ट में पेशी लगी। अतुल सुभाष ने अपने सुसाइड नोट में फैमिली कोर्ट की जज पर भी आरोप लगाया है।

अतुल सुभाष ने सुसाइड नोट में आरोप लगाया कि उनकी पत्नी ने पहले 1 करोड़ और फिर 3 करोड़ की रकम मांगी। छोटे बच्चे का हवाला देकर कोर्ट से हर महीने 40000 रुपए का गुजारा भत्ता कराया। अतुल सुभाष ने अपने सुसाइड नोट में ये आरोप भी लगाया है कि जज के सामने जब मरने की बात कही, तो पत्नी ने कहा कि मर क्यों नहीं जाते। अतुल सुभाष का आरोप है कि ये बात सुनकर जज भी हंसने लगीं। अतुल सुभाष ने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि पत्नी ने ये भी कहा कि अगर तुम मर गए, तो भी संपत्ति पर मेरा हक होगा। साथ ही ये गंभीर आरोप भी अतुल सुभाष ने लगाया है कि जज ने 3 करोड़ रुपए से कम में केस सेटल करने के लिए 5 लाख रुपए देने की मांग कर दी।

अतुल सुभाष के घर में उनके पिता, मां और छोटा भाई हैं। इन सब पर भी अतुल सुभाष की पत्नी ने केस दर्ज कराया है। बताया जा रहा है कि शादी के कुछ वक्त बाद कोरोना महामारी के दौरान पत्नी के व्यवहार में बदलाव आया। अतुल सुभाष ने अपने सुसाइड नोट में आरोप लगाया है कि पत्नी उनको बेटे से भी नहीं मिलने देती थी। अतुल सुभाष ने अपने सुसाइड नोट में कहा है कि वो बेटे के लिए एक गिफ्ट रखकर जा रहे हैं। जिसे उनका बेटा 18 साल की उम्र होने के बाद खोलकर देखे। अतुल सुभाष ने अपने बेटे के नाम एक लंबी चिट्ठी भी लिखी है।