April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कांग्रेस का सड़ा हुआ तंत्र उसके कुकर्मों को छुपा नहीं सकता, बाबा साहेब आंबेडकर का जिक्र करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी का पलटवार

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहेब आंबेडकर का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर पलटवार किया है। पीएम ने कहा, बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर का अपमान करने और एससी-एसटी समुदायों की अनदेखी करने के कांग्रेस के काले इतिहास को गृहमंत्री अमित शाह ने संसद में उजागर किया। उनके द्वारा प्रस्तुत तथ्यों से कांग्रेस के सांसद स्तब्ध और परेशान हैं, यही कारण है कि वो अब नाटकीयता में लिप्त हैं। दु:ख की बात है कि उनकी यह सच्चाई लोग जानते हैं। मोदी बोले, कांग्रेस जितनी चाहे कोशिश करे, लेकिन वे इस बात से इनकार नहीं कर सकती कि एससी-एसटी समुदायों के खिलाफ सबसे भयानक नरसंहार उसके शासनकाल में हुए हैं।

पीएम ने कहा तक कांग्रेस सत्ता में रही लेकिन एससी और एसटी समुदायों को सशक्त बनाने के लिए उसने कुछ भी नहीं किया। अगर कांग्रेस और उसका सड़ा हुआ पारिस्थितिकी तंत्र सोचता है कि उनके दुर्भावनापूर्ण झूठ कई वर्षों के उनके कुकर्मों को छिपा सकते हैं, खासकर डॉ. अंबेडकर के प्रति उनके अपमान को, तो वे पूरी तरह से गलत हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, भारत के लोगों ने बार-बार देखा है कि कैसे एक वंश के नेतृत्व वाली एक पार्टी ने डॉ. आंबेडकर की विरासत को मिटाने और एससी-एसटी समुदायों को अपमानित करने के लिए हर संभव गंदी चाल चली है।

पीएम ने बताई कांग्रेस के पापों की लिस्ट

डॉ. आंबेडकर के प्रति कांग्रेस के पापों की सूची का जिक्र करते हुए मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा-

– बाबा साहेब को एक बार नहीं बल्कि दो बार चुनाव में साजिशन हराया गया

– पंडित नेहरू ने बाबा साहेब के खिलाफ प्रचार किया और उनकी हार को प्रतिष्ठा का मुद्दा बना लिया

– बाबा साहेब को भारत रत्न देने से इनकार कर दिया गया

– बाबा साहेब के चित्र को संसद के सेंट्रल हॉल में गौरव का स्थान देने से इनकार किया गया

आंबेडकर से जुड़े पंचतीर्थ को हमारी सरकार ने किया विकसित : मोदी

मोदी ने कहा कि हम आज जो कुछ भी हैं यह डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर की ही देन है। हमारी सरकार ने पिछले एक दशक में डॉ. आंबेडकर के दृष्टिकोण को पूरा करने के लिए अथक प्रयास किया है। किसी भी क्षेत्र को लीजिए-चाहे वह 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालना हो, एससी-एसटी अधिनियम को मजबूत करना हो, हमारी सरकार के प्रमुख कार्यक्रम जैसे स्वच्छ भारत, पीएम आवास योजना, जल जीवन मिशन, उज्ज्वला योजना और भी बहुत कुछ हो, इनमें से प्रत्येक ने गरीब लोगों के जीवन को प्रभावित किया है। हमारी सरकार ने डॉ. अंबेडकर से जुड़े पांच प्रतिष्ठित स्थानों पंचतीर्थ को विकसित करने का काम किया है।  पीएम बोले, दशकों से चैत्य भूमि की जमीन को लेकर मामला लंबित था। हमारी सरकार ने न केवल इस मुद्दे को सुलझाया, बल्कि मैं वहां प्रार्थना करने भी गया हूं।’ हमने दिल्ली में 26, अलीपुर रोड का भी विकास किया है, जहां डॉ. अंबेडकर ने अपने अंतिम वर्ष बिताए थे। लंदन में वह जिस घर में रहते थे, उसे भी सरकार ने अधिग्रहित कर लिया है।