April 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पीएम नरेंद्र मोदी को मकर संक्रांति पर आई गुजरात की याद, अमित शाह ने उड़ाई पतंग

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मकर संक्राति के पर्व पर आज गुजरात के अपने पुराने दिनों को याद किया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के 150वें स्थापना दिवस समारोह में बोलते हुए मोदी ने कहा कि मैं गुजरात का रहने वाला हूं तो मेरा सबसे पसंदीदा त्योहार मकर संक्राति हुआ करता था। आज के दिन गुजरात के सभी लोग छत पर होते हैं और मजे से पतंगबाजी करते हैं। मैं भी जब गुजरात में रहता था, तो मुझे भी पतंग उड़ाने का बहुत शौक था। उधर, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद में पतंगबाजी का लुत्फ उठाया।

अमित शाह ने मकर संक्रांति के पर्व जिसे गुजरात में उत्तरायण भी कहा जाता है का जश्न मनाने के लिए अहमदाबाद के घाटलोदिया इलाके में शांति निकेतन सोसाइटी पहुंचे। यहां उन्होंने पतंग उड़ाई, इस दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी अमित शाह के साथ थे। पतंग उड़ाते हुए अमित शाह का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। उधर, पीएम मोदी ने देशवासियों को मकर संक्रांति की बधाई देते हुए कहा कि आज के ही दिन से खेती-बाड़ी के लिए तैयारियां शुरू हो जाती हैं और यही कारण है कि आज का यह दिन भारतीय परम्परा में बहुत अधिक अहम माना गया है।

देश में पूर्व से लेकर पश्चिम तक तथा उत्तर से लेकर दक्षिण तक आज के दिन अलग अलग तरह से सांस्कृतिक त्योहार मनाया जाता है। मोदी ने कहा कि आज के इस पावन अवसर पर मैं सभी देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। गौरतलब है कि मकर संक्रांति के दिन पतंग उड़ाने की परंपरा है। लोग छतों और मैदानों पर रंग-बिरंगी पतंगें उड़ाते हैं। आज के इस दिन गंगा स्नान, पूजा और दान का बहुत ही विशेष महत्व होता है। देशभर में बड़ी संख्या में आज के दिन लोग पवित्र नदियों में स्नान करते हैं।