भूटान नरेश ने योगी आदित्यनाथ के साथ महाकुंभ में लगाई आस्था की डुबकी
नई दिल्ली। भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक ने भी आज प्रयागराज महाकुंभ में स्नान किया। इस दौरान यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी उनके साथ संगम में डुबकी लगाई। भूटान नरेश सोमवार को लखनऊ पहुंचे थे जहां हवाई अड्डे पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने स्वागत किया। इसके बाद आज वो महाकुंभ पहुंचे। महाकुंभ पहुंचने के बाद भूटान नरेश ने योगी आदित्यनाथ के साथ त्रिवेणी संगम में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने साइबेरियन पक्षियों को दाना भी खिलाया। यहां से वो अक्षय वट के दर्शन करने पहुंचे। सरकार में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी और स्वतंत्र देव सिंह भी इस दौरान वहां उपस्थित रहे।
इससे पहले सोमवार को लखनऊ में भूटान के राजा ने यूपी की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से राजभवन जाकर मुलाकात की थी। भूटान नरेश के स्वागत में राजभवन में रात्रिभोज का भी आयोजन किया गया था। इसमें यूपी सरकार के मंत्री और अधिकारियों ने भी शिरकत की थी। रात्रिभोज के दौरान भारत और भूटान सांस्कृतिक और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने को लेकर चर्चा भी हुई। इससे पहले दिसंबर 2024 में भूटान के राजा अपनी पत्नी के साथ भारत दौरे पर आए थे तब उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात हुई थी।
उससे पहले मार्च 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भूटान यात्रा पर गए थे तब भूटान नरेश ने पीएम मोदी के को अपने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान, ‘ऑर्डर ऑफ ड्रुक ग्यालपो’ से सम्मानित किया था। आपको बता दें कि प्रयागराज महाकुंभ में अखाड़ों के तीनों अमृत स्नान संपन्न हो चुके हैं। 13 जनवरी से अब तक लगभग 35 करोड़ लोग संगम में डुबकी लगा चुके हैं। सोमवार को बसंत पंचमी पर तीसरे अमृत स्नान के दिन लगभग 2 करोड़ 33 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया था। हालांकि महाकुंभ का समापन 26 फरवरी यानी कि शिवरात्रि के दिन होगा मगर अखाड़े अब तीन अमृत स्नान के बाद यहां से चले जाएंगे।
