हमारी प्राथमिकता गरीबों और वंचितों का कल्याण, कांग्रेस के लिए ‘परिवार सबसे पहले’, राज्यसभा में बरसे पीएम नरेंद्र मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का आज राज्यसभा में जवाब दिया। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी से लेकर यूपीए सरकार के कार्यकाल को लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मोदी बोले, कांग्रेस के मुंह में संविधान शब्द शोभा नहीं देता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मॉडल में ‘परिवार सबसे पहले’ है जबकि हमारी प्राथमिकता गरीबों और वंचितों का कल्याण करने की है। हमारे लिए नेशन फर्स्ट है। प्रधानमंत्री ने कहा, ऐसे लोग जिनको कोई नहीं पूछता, मोदी उनको पूजता है।
मोदी बोले, कांग्रेस ने राजनीति का ऐसा मॉडल तैयार किया जिसमें झूठ, धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और तुष्टिकरण का मिश्रण था। जहां इन सभी चीजों का मिश्रण होगा, वहां ‘सबका साथ, सबका विकास’ नहीं हो सकता।’ कांग्रेस के मॉडल में ‘परिवार सबसे पहले’ है, और यही कारण है कि उनकी नीतियां, उनका लहजा उसे प्रबंधित करने में शामिल रहा है।
पीएम ने कहा, मैं गर्व और संतुष्टि के साथ कहता हूं, 2014 के बाद देश ने कार्यशैली का एक नया मॉडल देखा। यह नया मॉडल तुष्टीकरण पर नहीं, बल्कि संतुष्टि पर आधारित है। जबकि पहले के मॉडल में, खासकर कांग्रेस शासन के दौरान, हर चीज में तुष्टिकरण होता था। उन्होंने इंडिया गठबंधन का जिक्र करते हुए कहा, कांग्रेस की राजनीति का मंत्र हमेशा दूसरे की लकीर छोटी करना रहा, इसके कारण उन्होंने सरकारों को अस्थिर किया। किसी भी राजनीतिक दल की सरकार कहीं बनी तो उसे अस्थिर कर दिया। उन्होंने जो ये रास्ता चुना है उसके चलते लोकसभा चुनाव के बाद जो उनके साथ थे, वो भी भाग रहे हैं।
मोदी ने कहा, पिछले दशक में हमने हर कदम पर ‘सबका साथ-सबका विकास’ को लागू किया है और आज हम देश में बदलाव देखकर इसका अनुभव कर रहे हैं। ‘सबका साथ-सबका विकास’ हमारे शासन का मूल सिद्धांत है। हमारी सरकार ने एससी-एसटी अधिनियम को मजबूत किया तथा दलित और आदिवासी समुदायों के सम्मान और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। लोगों ने हमें तीसरी बार उनकी सेवा करने का मौका दिया है तो इसका कारण यह है कि देश ने हमारे विकास के मॉडल को समीक्षा की है, समझा है और स्वीकार किया है।
शेर और कविता के जरिए कांग्रेस पर कटाक्ष
प्रधानमंत्री ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस के कहा, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सदन में बढ़िया-बढ़िया शेर सुनाते रहते हैं और सभापति जी आप भी बड़ा मजा लेते हैं। मैंने भी एक शेर कहीं पढ़ा था, ‘तमाशा करने वालों को क्या खबर, हमने कितने तूफानों को पार कर दिया जलाया है।’ इसके बाद मोदी ने कहा कि खड़गे जी आज में नीरज जी की कुछ पंक्तियां सुनाना चाहता हूं, ‘है बहुत अंधियारा, अब सूरज निकलना चाहिए, जिस तरह से भी हो ये मौसम बदलना चाहिए। मेरे देश उदास न हो, फिर दीप जलेगा, तिमिर ढलेगा।’
इमरजेंसी, मजरूह सुल्तानपुरी, बलराज साहनी का किया जिक्र
मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, मजरूह सुल्तानपुरी ने मुंबई में मजदूरों की हड़ताल पर एक कविता गाई थी इस पर नेहरू जी ने उन्हें जेल में डलवा दिया था। मशहूर एक्टर बलराज साहनी एक जुलूस में शामिल हुए थे तो उन्हें जेल में बंद कर दिया गया था। लता मंगेशकर के भाई हृदयनाथ मंगेशकर ने वीर सावरकर पर एक कविता को आकाशवाणी से प्रस्तुत करने की योजना बनाई तो उन्हें आकाशवाणी से हमेशा के लिए बाहर कर दिया गया। देवानंद ने आपातकाल का समर्थन नहीं किया तो उनकी फिल्मों को बैन करा दिया गया। देश ने ऐसा दौर भी देखा है।
