April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसौदिया की हार, आतिशी ने बचाई अपनी सीट

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों में अभी तक की सबसे बड़ी खबर यह है कि आम आदमी पार्टी के मुखिया और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपनी सीट नहीं बचा पाए हैं। नई दिल्ली विधानसभा सीट पर बीजेपी के प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल को हरा दिया है। वहीं दिल्ली सरकार के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसौदिया को भी हार का सामना करना पड़ा। जंगपुरा सीट पर बीजेपी के तरविंदर सिंह मारवाह ने मनीष सिसौदिया को शिकस्त दे दी है। अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसौदिया का चुनाव हारना आम आदमी पार्टी के लिए बहुत बड़ा झटका है। वहीं दिल्ली की सीएम आतिशी अपनी सीट बचाने में कामयाब हो गई हैं।

नई दिल्ली सीट पर अरविंद केजरीवाल और बीजेपी के प्रवेश वर्मा के बीच सुबह से ही कांटे की टक्कर चल रही थी। पहले प्रवेश वर्मा आगे रहे फिर केजरीवाल ने बढ़त बना ली मगर आखिरी राउंड तक आते आते प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल को पीछे छोड़ दिया और 3186 वोटों से जीत दर्ज की। जंगपुरा सीट पर भी कुछ ऐसा ही हाल देखने को मिला। यहां भी मनीष सिसौदिया और बीजेपी के तरविंदर सिंह मारवाह ने एक दूसरे को कड़ी चुनौती दी मगर मनीष सिसौदिया को 600 वोटों से हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले 2020 के विधानसभा चुनाव में मनीष सिसौदिया पटपड़गंज सीट से चुनाव लड़कर विधायक बने थे मगर इस बार उन्होंने अपनी सीट बदल ली थी।

दूसरी तरफ दिल्ली की सीएम आतिशी ने अपनी सीट जीत ली है। कालकाजी विधानसभा सीट पर आतिशी ने बीजेपी के रमेश बिधूड़ी को हरा दिया है। अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसौदिया जैसे दिग्गजों के चुनाव हार जाने के बाद आतिशी ने चुनाव जीतकर आम आदमी पार्टी की रही सही लाज जरूर बचाई है। कालकाजी विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने अलका लांबा को चुनाव मैदान में उतारा था।