अगले साल से ऑनलाइन कम्प्यूटर बेस्ड होगी नीट परीक्षा, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने किया ऐलान
नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नीट परीक्षा को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि अगले साल से नीट एग्जाम OMR की बजाय ऑनलाइन कंप्यूटर बेस्ड होगा। इसी के साथ नीट यूजी 2026 के 21 जून को होने वाले री-एग्जाम के संबंध में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि स्टूडेंट्स जिस शहर में चाहें वहां पर एग्जाम दे सकेंगे। साथ ही स्टूडेंट्स को परीक्षा में 15 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा। उन्होंने कहा, परीक्षा की औपचारिकताओं, जैसे कि परीक्षा की शुरुआत और अंत में ओएमआर शीट पर साइन करने को छात्रों के लिए उपलब्ध टाइम कम हो रहा था। इसलिए एनटीए ने 15 मिनट का समय बढ़ाने का निर्णय लिया है। परीक्षा का समय दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगा। एडमिट कार्ड 14 जून 2026 तक मिल जाएंगे।
पेपर लीक होने के मामले में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सीबीआई पूरी तह तक जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। प्रधान ने सभी छात्रों से निडर होकर परीक्षा देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार आपके साथ खड़ी है। नीट परीक्षा को रद्द कर दोबारा करने का यह निर्णय मेधावी छात्रों के हित में लिया गया है। हम नहीं चाहते थे कि कोई माफिया साजिश या धनबल से आपकी सीट छीन ले। हम ऐसा नहीं होने देना चाहते थे, इसीलिए हमें यह कड़ा निर्णय लेना पड़ा। छात्रों का हित हमारे लिए सर्वोपरि है।
प्रधान ने कहा कि हमारा दृष्टिकोण वही रहेगा, जीरो टॉलरेंस, यह परीक्षा माफियाओं और असामाजिक तत्वों के खिलाफ एक लंबी लड़ाई है। प्रौद्योगिकी के युग में आज भी एक नई चुनौती सामने आ रही है। पेपर लीक मामले में सीबीआई ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। राधाकृष्णन समिति की सिफारिशों के पूर्ण कार्यान्वयन के बावजूद कमांड चेन में कहां चूक हुई इसकी जांच होगी।
