August 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

एयर इंडिया के दो और पायलट डोप टेस्ट में पॉजिटिव मिले!, फुकेट-दिल्ली फ्लाइट के बाद कंपनी करा रही सैंपल की जांच

नई दिल्ली। एयर इंडिया के दो और पायलटों के डोप टेस्ट में पॉजिटिव आने की खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इन पायलटों को फिलहाल डी-रोस्टर कर दिया गया है। एयर इंडिया के दोनों पायलटों के फाइनल सैंपल रिपोर्ट आने तक वे किसी विमान को उड़ा नहीं सकेंगे। थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही फ्लाइट के टर्बुलेंस में फंसने और पायलट के डोप टेस्ट में प़ॉजिटिव आने के बाद एयर इंडिया अपने सभी पायलटों का डोप टेस्ट करा रही है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक एयर इंडिया ने अपने 300 से ज्यादा पायलटों का डोप टेस्ट कराया है। फुकेट से 4 अगस्त को दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट ओडिशा के पास टर्बुलेंस में फंस गई थी। जिसकी वजह से विमान अचानक 300 फिट नीचे आ गया था। इससे 13 यात्रियों और केबिन क्रू के 4 सदस्य घायल हुए थे। विमान में एलिवेटर्स और एलेरॉन्स बिना पायलट कमांड के अपने आप बदल रहे थे। इसके अलावा ऑटोपायलट भी बंद हो गया था और कॉकपिट में स्टॉल वॉर्निंग आने लगी थी। ये सिलसिला करीब 4 सेकेंड तक चला था।

एयर इंडिया ने तय मानक के मुताबिक फ्लाइट के कैप्टन और को-पायलट का डोप टेस्ट कराया था। सूत्रों के हवाले से खबर आई थी कि शुरुआती टेस्ट में विमान के कैप्टन में नशा करने की बात सामने आई थी। जिसके बाद उनके सैंपल को फाइनल टेस्ट के लिए फिर लैब भेजा गया था। सूत्रों के मुताबिक एयर इंडिया की फुकेट-दिल्ली फ्लाइट के कैप्टन की दूसरी रिपोर्ट में गांजा सेवन की पुष्टि हुई थी। हालांकि, इस बारे में अब तक एयर इंडिया ने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया। विमानन कंपनी ने इसके बाद ही अपने सभी पायलटों का डोप टेस्ट जरूरी किया था। एयर इंडिया पहले भारत सरकार की थी, लेकिन इसे टाटा ग्रुप ने खरीदा है। टाटा ग्रुप के हाथ जाने के बाद एयर इंडिया का एक विमान अहमदाबाद में हादसे का शिकार हुआ था। जबकि, कई विमानों में यात्रियों ने सीट और अन्य सुविधाओं की शिकायत की थी। इन शिकायतों को एयर इंडिया ने दूर किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *