August 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ पर 10 लाख रुपए पेनल्टी की तलवार!, महाराष्ट्र एफडीए ने इस वजह से भेजा नोटिस

मुंबई। बॉलीवुड के तीन सुपरस्टार शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ पर महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) का डंडा चला है। शाहरुख, अजय और टाइगर को एफडीए ने विमल इलायची का विज्ञापन करने के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया है। एफडीए का मानना है कि तीनों ने भले ही इलायची का विज्ञापन किया, लेकिन ये विमल पान मसाला का अप्रत्यक्ष प्रचार है। अब कानून के तहत शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ पर 10 लाख रुपए तक की पेनल्टी लग सकती है।

महाराष्ट्र एफडीए का मानना है कि विमल इलायची का प्रचार इसी ब्रांड के पान मसाला का प्रचार करता है। जो फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट 2006 के तहत अप्रत्यक्ष यानी सरोगेट विज्ञापन की श्रेणी में आ सकता है। नोटिस में कहा गया है कि शुरुआती जांच से साफ होता है कि शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ ने विमल ब्रांड को प्रमोट किया। जो कि मुख्य तौर पर पान मसाला से जुड़ा है। महाराष्ट्र एफडीए ने ऐसे में कानून की धारा 24 का हवाला दिया है। जो भ्रामक विज्ञापनों पर रोक लगाती है। इसके अलावा धारा 53 भी लगाई गई है। जिसके तहत खाने-पीने की चीजों का भ्रामक विज्ञापन करने वालों पर 10 लाख रुपए तक की पेनल्टी लगाई जा सकती है।

महाराष्ट्र एफडीए के कमिश्नर तुकाराम मुंढे आजकल खराब खाद्य पदार्थों और तंबाकू उत्पादों के प्रचार और बिक्री के खिलाफ अभियान छेड़े हुए हैं। उनकी तरफ से 13 जुलाई को जारी आदेश में महाराष्ट्र में पान मसाला बनाने, भंडार करने और बेचने पर एक साल के लिए बैन लगाया गया है। ऐसे में शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ उनके रडार पर आ गए हैं। नजर अब इस पर है कि महाराष्ट्र एफडीए के नोटिस के जवाब में बॉलीवुड के तीनों सुपरस्टार क्या जवाब देते हैं और उसके बाद क्या शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ के खिलाफ कार्रवाई होती है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *