August 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

भारत ने जेट इंजन वाले दिव्यास्त्र एमके3 लॉयटरिंग ड्रोन का किया सफल परीक्षण, पाकिस्तान और चीन के लिए साबित होगा सिरदर्द

नई दिल्ली। भारत ने सफलतापूर्वक लॉयटरिंग एम्यूनिशन ‘दिव्यास्त्र एमके3’ का परीक्षण किया है। दिव्यास्त्र एमके3 लॉयटरिंग ड्रोन को कावा यूएवी प्राइवेट लिमिटेड ने तैयार किया है। दिव्यास्त्र एमके3 ड्रोन में जेट इंजन लगा है। जिसकी वजह से इसकी रफ्तार काफी तेज है। दुश्मन के ठिकाने तक तेजी से पहुंचकर उसे ध्वस्त करने के लिए ये ड्रोन तैयार किया गया है। भारतीय सेना के पास पहले से ही तमाम मॉडल के लॉयटरिंग ड्रोन हैं, लेकिन जेट इंजन लगा ये पहला ड्रोन है। जेट इंजन वाला हमलावर ड्रोन पाकिस्तान और चीन के लिए बड़ा सिरदर्द साबित होगा।

दिव्यास्त्र एमके3 ड्रोन की निर्माता कावा यूएवी प्राइवेट लिमिटेड ने जानकारी दी है कि ये अगली पीढ़ी का है। इस ड्रोन को पूरी तरह भारतीय यंत्रों के साथ बनाया गया है। पहले से तय लक्ष्य पर ये सटीक हमला कर सकता है। इस ड्रोन को जीप जैसी गाड़ी में फिट किया जाता है। जिस गाड़ी पर दिव्यास्त्र एमके3 लगाया जाता है, वो कुछ दूर तेजी से दौड़ाई जाती है। जिसके बाद लॉयटरिंग ड्रोन उससे अलग होकर उड़ान भर लेता है। कावा की ओर से कहा गया है कि ये सिर्फ परीक्षण उड़ान नहीं। ये क्षमता दिखाने का एलान है।

कंपनी के मुताबिक दिव्यास्त्र एमके3 की सफल उड़ान साबित करती है कि ऐसे ड्रोन डिजाइन कर अपनी सीमा के भीतर से ही दुश्मन के ठिकाने नष्ट करने के लिए भेजे जा सकते हैं। भारत में पहली बार जेट इंजन से उड़ान भरने वाला हमलावर ड्रोन तैयार किया गया है। जो देश की आत्मनिर्भरता को भी दिखाता है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत के तमाम हमलावर ड्रोन से पाकिस्तान में आतंकियों और सेना के ठिकानों को नष्ट किया गया था। ड्रोन से हमला करने में फायदा ये है कि इससे दुश्मन को बड़ा नुकसान पहुंचाने के साथ ही पायलटों और लड़ाकू विमानों को खतरा कम रहता है। दिव्यास्त्र जैसे लॉयटरिंग ड्रोन बड़ी संख्या में एक साथ उड़ान भर सकते हैं। जिसकी वजह से दुश्मन के लिए सभी को नष्ट करना भी मुश्किल होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *