August 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

भाजपा ने अटल जी की पुण्यतिथि पर आयोजित की ‘अटल यात्रा’, सुशासन के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प

नरेंद्र बंसल-

लोनी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति और उनके सुशासन के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘अटल यात्रा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एसएलएफ स्थित यलो ट्री बैंक्वेट हॉल में 16 अगस्त की शाम आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा गाजियाबाद जिलाध्यक्ष चौधरी चैनपाल ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। प्रसिद्ध कलाकार विपिन कुमार शर्मा ने अटल जी के जीवन चरित्र का भावपूर्ण मंचन कर उपस्थित लोगों को उनके व्यक्तित्व, कविताओं और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से परिचित कराया।

इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अटल जी को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। विचार गोष्ठी एवं विचार-विमर्श के माध्यम से अटल जी के सुशासन के आदर्शों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की गई।

भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी चैनपाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन राजनीति में शुचिता, राष्ट्रप्रेम और निस्वार्थ सेवा का अद्वितीय उदाहरण है। ‘अटल यात्रा’ का उद्देश्य उनके विचारों को हर घर तक पहुंचाना और राष्ट्र निर्माण में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम के संयोजक प्रदीप गोस्वामी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर, जिला महामंत्री रामकुमार त्यागी, उपाध्यक्ष सुनील निठौरा, मंत्री जितेंद्र दौसा, जिला मीडिया प्रभारी पं. ब्रह्ममेश तिवारी, देहात मंडल अध्यक्ष मनीष चौहान, ओबीसी मोर्चा संयोजक सचिन जांगिड़, महिला मोर्चा अध्यक्ष आरती मिश्रा, सभासद दल अध्यक्ष रोहित भारद्वाज समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *