August 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

गाजियाबाद में शहीदों को श्रद्धांजलि, वीर शहीदों के परिजनों का सम्मान

नरेंद्र बंसल-

गाजियाबाद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से शहीद स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ समेत अधिकारियों ने अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया। कैबिनेट मंत्री ने ध्वजारोहण किया, जिसके बाद राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ।

समारोह में शहीद सैनिकों के परिजनों को शॉल और मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि जेन-जी देश का भविष्य है और आने वाले समय में यही पीढ़ी देश की राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था का नेतृत्व करेगी। इसलिए युवाओं का उचित मार्गदर्शन कर उन्हें राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि मजबूत अर्थव्यवस्था देश के विकास का आधार है। युवाओं को उत्पादन, नवाचार और तकनीकी प्रगति के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। आने वाली चुनौतियों का सामना देशवासियों को एकजुट होकर करना होगा।

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का अवसर है। उन्होंने लोगों से देश के नाम एक पौधा लगाने की अपील की। कहा कि पर्यावरण और जल संरक्षण के साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना ही अमर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि है।

कार्यक्रम के अंत में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने मंत्री, अधिकारियों, सिविल डिफेंस कार्यकर्ताओं और शहीद परिवारों का आभार जताया। इस मौके पर एडीएम सिटी विकास कश्यप, सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चन्द्र त्रिपाठी, सीएमओ डॉ. सचिन चन्द्र वैश्य, जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह, एसीएमओ डॉ. अमित विक्रम समेत कई अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *