April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

हज में बच्चों को ले जाने पर सऊदी अरब ने लगाई रोक, भारत समेत 14 देशों के लिए वीजा नियमों में बदलाव

नई दिल्ली। हज यात्रा पर जाने वालों के लिए सऊदी अरब ने नए दिशा निर्देश जारी किए हैं। नए नियम के मुताबिक अब बच्चों को लेकर हज की यात्रा पर रोक लगा दी गई है। हज के लिए सऊदी अरब पहुंचने वालों की बढ़ती भीड़ और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए हज यह फैसला लिया गया है। इसी के साथ साल 2025 में हज के लिए उन लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो पहली बार हज करने आए हैं। सऊदी अरब ने भारत समेत 14 देशों के लिए वीजा नियमों में भी बड़ा बदलाव किया है।

सऊदी अरब ने भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, इंडोनेशिया, इराक, यमन, मिस्र, अल्जीरिया, इथोपिया, जॉर्डन, मोरक्को, नाइजीरिया, सूडान और ट्यूनीशिया देशों के लिए वीजा नियमों में बदलाव करते हुए अब इन देशों के नागरिकों को सिंगल एंट्री वीजा के दिया जाएगा। हज यात्रा में भीड़भाड़ को कम करने के उद्देश्य से यह निर्णय भी लिया गया है। दरअसल इन देशों के वो नागरिक जिनके पास सऊदी अरब का मल्टीपल एंट्री वीजा है वह लोग हज दौरान सऊदी पहुंच जाते हैं और हज यात्रा करते हैं। वीजा नियमों में किए गए ये बदलाव 1 फरवरी 2025 से लागू कर दिए गए हैं। एक साल के मल्टीपल एंट्री वीजा को अनिश्चित काल के लिए सस्पेंड कर दिया है। सिंगल एंट्री वीजा सिर्फ 30 दिनों के लिए मान्य होगा।

आपको बता दें कि हज 2025 के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं। सऊदी अरब के नागरिक नुसुक एप और आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल के जरिए हज के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन कराने वालों को आवेदन के साथ अपनी पहचान संबंधी सभी जानकारी सत्यापित करानी होगी और उनके साथ हज करने वाले अन्य यात्रियों का भी पंजीकरण कराना होगा। हज यात्री पोर्टल पर जाकर अपने पसंदीदा पैकेज को चुन सकते हैं। साथ ही घरेलू हज यात्री पैकेज का भुगतान तीन किश्तों में कर सकते हैं।