June 27, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘अबु आजमी 100 फीसदी गिरफ्तार होंगे…संभाजी महाराज का अपमान करने वालों को नहीं बख्शेंगे’, महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस का एलान

मुंबई। महाराष्ट्र में सपा के अध्यक्ष और विधायक अबु आजमी के जेल जाने की नौबत आती दिख रही है। महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि अबु आजमी को सौ फीसदी जेल भेजा जाएगा। देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र विधान परिषद में उद्धव ठाकरे की पार्टी के विधायक अंबादास दानवे के सवाल पर ये बयान दिया। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि चाहे अबु आजमी हों या कोई और, छत्रपति संभाजी महाराज का अपमान करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। महाराष्ट्र के सीएम ने ये भी कहा कि अगर इस मामले में जरूरत पड़ी तो राज्य सरकार ऊपरी अदालत भी जाएगी।

दरअसल, अबु आजमी ने बीते दिनों मुगल बादशाह औरंगजेब की तारीफ की थी। अबु आजमी ने कहा था कि औरंगजेब ने वाराणसी में एक हिंदू ब्राह्मण की बेटी की इज्जत बचाई थी। तब उस ब्राह्मण ने वहां औरंगजेब की शान में मस्जिद बनाई। अबु आजमी ने ये भी कहा था कि औरंगजेब के वक्त तमाम मंदिरों को दान भी दिए गए। साथ ही अबु आजमी ने ये भी कहा था कि औरंगजेब के समय भारत की जीडीपी 24 फीसदी थी और देश को सोने की चिड़िया कहा जाता था। अबु आजमी ने ये भी कहा था कि औरंगजेब के वक्त शासकों के बीच राज्य और खजाने पर कब्जा करने की जंग होती थी। सपा नेता का कहना था कि इसमें हिंदू-मुस्लिम का एंगल नहीं तलाशा जाना चाहिए। सुनिए बयान पर बखेड़ा खड़ा होने पर अबु आजमी ने किस तरह सफाई दी थी।

अबु आजमी के इसी बयान पर बवाल खड़ा हो गया। महाराष्ट्र समेत देश की राजनीति गर्मा गई। अबु आजमी पर एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने मुंबई और ठाणे में केस दर्ज कराया। इसके बाद अबु आजमी ने कहा कि उन्होंने हिंदू भाइयों के खिलाफ बयान नहीं दिया। साथ ही कहा कि उनके बयान से किसी की भावना को ठेस पहुंची, तो वो माफी मांगते हैं। इसके बाद प्रस्ताव लाकर अबु आजमी को महाराष्ट्र विधानसभा से निलंबित भी किया गया। खास बात ये है कि इंडी गठबंधन में सपा और उद्धव ठाकरे की पार्टी भी शामिल हैं, लेकिन उद्धव की पार्टी ने भी अबु आजमी को गिरफ्तार करने की मांग की है।