April 19, 2026

Hind foucs news

hindi new update

सौरभ भारद्वाज आप दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष, मनीष सिसोदिया को पंजाब का प्रभार

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल के आवास पर हुई पार्टी की पीएसी बैठक में कुछ बड़े फैसले लिए गए हैं। पूर्व विधायक सौरभ भारद्वाज को दिल्ली का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं अभी तक दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे आप विधायक गोपाल राय को अब गुजरात का प्रभारी बनाया गया है। दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को पंजाब का प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा भी आम आदमी पार्टी ने कई राज्यों में नेताओं को अहम जिम्मेदारी सौंपी है।

संदीप पाठक को छत्तीसगढ़ का प्रभारी नियुक्त किया गया है। जबकि पंकज गुप्ता को गोवा की जिम्मेदारी दी गई है। दीपक सिंगला, आभाष चंदेला और अंकुश नारंग को आप ने गोवा का सह प्रभारी बनाया है। पंजाब का सह प्रभारी सत्येंद्र जैन को और गुजरात के सह प्रभारी पद की जिम्मेदारी दुर्गेश पाठक को सौंपी गई है। मेहराज मलिक को जम्मू-कश्मीर का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पीएसी की बैठक में संगठन महासचिव संदीप पाठक, दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, विधायक गोपाल राय, पूर्व सीम आतिशी, इमरान हुसैन, पंकज गुप्ता, सांसद एनडी गुप्ता और राघव चड्ढा मौजूद थे।

आप दिल्ली का अध्यक्ष चुने जाने के बाद सौरभ भारद्वाज ने कहा, मैं पार्टी और पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल और पीएसी का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं जो उन्होंने मुझे इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी और मुझ पर भरोसा जताया। मैं इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाऊंगा। मेरा मानना ​​है कि आम आदमी पार्टी की मूल अवधारणा को कुछ समय के लिए चुनावों से अलग करके देखने की जरूरत है। हम सबसे पहले पार्टी को मजबूत करेंगे, अपने संगठन का विस्तार करने और इस प्रयास को प्राथमिकता देने पर ध्यान देंगे। चुनाव आते रहेंगे और हम उन्हें जीतेंगे भी।

पंजाब का प्रभारी बनाए जाने पर मनीष सिसोदिया बोले, आप की तरफ से अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के प्रभारी के रूप में काम करने का आदेश दिया है। पंजाब में आप के प्रभारी के रूप में मेरी कोशिश यही रहेगी कि पंजाब के लोग एक बदलता हुआ पंजाब देख सकें। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बहुत अच्छे काम किए हैं।