कुरुक्षेत्र में 1008 कुंडीय महायज्ञ के दौरान बवाल, फायरिंग, तीन घायल, एक की हालत गंभीर
नई दिल्ली। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में चल रहे 1008 कुंडीय महायज्ञ के दौरान खाने को लेकर बवाल हो गया। आरोप है कि महायज्ञ कार्यक्रम के आयोजक स्वामी हरिओम दास के निजी सुरक्षा गार्डों ने फायरिंग कर दी। जिसमें एक व्यक्ति के गोली लगी है। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर पत्थरबाजी के साथ लाठियां भी चलीं जिसमें दो अन्य लोगों को चोट आई है। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिस व्यक्ति को गोली लगी है उसका नाम आशीष तिवारी है और वो लखनऊ निवासी है।
कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में स्वामी हरिओम दास द्वारा महायज्ञ का आयोजन किया गया है। यह यज्ञ कार्यक्रम 27 मार्च तक चलना है। इस महायज्ञ को संपन्न कराने के लिए अलग-अलग राज्यों से पंडित बुलाए गए हैं। आरोप है कि इन पंडितों को बासी खाना दे दिया गया। जिसका कुछ पंडितों ने विरोध किया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और स्वामी हरिओम दास के निजी सुरक्षाकर्मियों ने लाठी डंडे से पंडितों को पीटा। इतना ही नहीं सुरक्षाकर्मियों ने फायरिंग भी कर दी। वहीं लखीमपुर खीरी से आए ब्राह्मण प्रिंस के सिर पर पत्थर लगने की वजह से वो भी घायल हुआ है। एक अन्य पंडित भी इस बवाल में घायल बताया जा रहा है। फिलहाल घायलों को लोक नायक जय प्रकाश नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं इस घटना से गुस्साए अन्य पंडितों ने महायज्ञ स्थल के बाहर कुरुक्षेत्र-कैथल रोड पर इकट्ठा होकर जाम लगा दिया। पंडितों के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस वहां पहुंची और उन्हें समझा बुझाकर कर तथा हल्की सख्ती दिखाते हुए सड़क खाली कराई गई। फिलहाल वहां पर स्थिति तनावपूर्ण लेकिन शांत है। पुलिस ने सभी से शांति बनाए रखने की अपील की है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दोषी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
