गोण्डा में जेई ने पुलिस से की पत्नी की शिकायत, मेरठ जैसा ड्रम कांड करने की धमकी देने का आरोप लगाया, पत्नी बोली- दूसरी युवती से हैं उनके रिश्ते
गोण्डा। मेरठ में बीते दिनों सौरभ नाम के शख्स की कई टुकड़ों में कटी लाश ड्रम में मिली थी। आरोप उसकी पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल पर है। अब गोण्डा में तैनात जलनिगम के जूनियर इंजीनियर धर्मेंद्र कुशवाहा ने पुलिस से शिकायत की है कि उनकी पत्नी माया ने इसी तरह काटकर ड्रम में भरने की धमकी दी है। धर्मेंद्र कुशवाहा ने पुलिस से सुरक्षा मांगी है। वहीं, उनकी पत्नी माया का आरोप है कि धर्मेंद्र का एक युवती से रिश्ता है। वो भी 5 साल की बेटी के साथ गोण्डा नगर कोतवाली पहुंची थीं। माया ने धर्मेंद्र के आरोप को भी गलत बताया है।
धर्मेंद्र कुशवाहा के मुताबिक वो बस्ती के निवासी हैं। साल 2012 में बस्ती की ही माया ने एक पत्रिका में उनका लेख देखकर संपर्क किया। दोनों में दोस्ती हो गई और 4 साल बाद धर्मेंद्र कुशवाहा और माया ने लव मैरिज कर ली। धर्मेंद्र का कहना है कि माया के नाम पर उन्होंने 3 वाहन खरीदे। फिर जमीन भी खरीदी। पत्नी के दूर के रिश्तेदार को घर बनाने का ठेका दिया। धर्मेंद्र का कहना है कि 7 जुलाई 2024 को उसी रिश्तेदार के साथ मिलकर माया ने उनको पीटा।
धर्मेंद्र कुशवाहा के मुताबिक उन्होंने माया पर केस दर्ज कराने के साथ ही कोर्ट में तलाक की अर्जी भी दे रखी है। माया का कहना है कि धर्मेंद्र गलत आरोप लगाकर 8 महीने से अलग रहते हैं। उनके एक युवती से रिश्ते हैं। घर बना रहे व्यक्ति से लाखों रुपए भी लिए हैं। माया के मुताबिक मेरठ की घटना को आधार बनाकर ऊल-जुलूल आरोप लगा रहे हैं।
वहीं, माया की मां ने दामाद का पक्ष लिया है। इस पर माया का कहना है कि उनकी मां निजी स्वार्थ के लिए ऐसा कर रही हैं। पुलिस अब धर्मेंद्र कुशवाहा और माया की शिकायतों के आधार पर जांच कर रही है। घर पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी देखने की मांग माया ने पुलिस से की है। उनका कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच से खुलासा हो जाएगा कि वो गलत हैं या पति।
बता दें कि मेरठ में मुस्कान पर आरोप है कि उसने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर पति सौरभ राजपूत की हत्या की। फिर लाश के टुकड़े कर ड्रम में रखकर उसे कंक्रीट से भर दिया। जांच में खुलासा हुआ था कि पति की हत्या के बाद मुस्कान और साहिल हिमाचल प्रदेश चले गए थे और वहां घूमने-फिरने के बाद लौटे। मुस्कान की मां ने दामाद की हत्या की जानकारी मिलने पर पुलिस को खबर दी थी।
