कोडीन कफ सिरप मामले में योगी आदित्यनाथ ने सीधे तौर पर सपा पर साधा निशाना, अखिलेश यादव को भी घेरा
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोडीन कफ सिरप मामले में सीधे तौर पर समाजवादी पार्टी को घेरा। योगी ने कहा कि हर माफिया के संबंध समाजवादी पार्टी से रहे हैं। प्रारम्भिक जांच में सामने आया है कि इस मामले में जिन अभियुक्तों को एसटीएफ या यूपी पुलिस के द्वारा पकड़ा गया है उनके संबंध समाजवादी पार्टी से हैं। समाजवादी पार्टी जो पहले से कुख्यात है और अपने कार्यों के लिए बदनाम हो चुकी है, इस पूरे मामले में भी उसकी संलिप्तता सामने आएगी। इसी के साथ योगी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा।
योगी ने कहा, मैं समाजवादी पार्टी प्रमुख से कहना चाहता हूं, यह वही स्थिति ‘बस यही कसूरी मैं हर बार करता रहा, धूल चेहरे पर थी और मैं आईना साफ करता रहा।’ यानी फोटो उनकी है उन माफियाओं के साथ, तो स्वाभाविक रूप से अवैध लेन-देन में कहीं न कहीं संलिप्तता सामने आएगी। जांच रिपोर्ट आने दीजिए, दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा। सीएम ने कहा कि राज्य स्तर की एसआईटी इस पूरे मामले की निगरानी कर रही है जिसमें यूपी, पुलिए एफएसडीए से जुड़े अधिकारी मौजूद हैं। इस मामले में अवैध तस्करी के साथ जो अन्य महत्वपूर्ण पहलू होंगे, किन किन लोगों के पास कोडीन कफ सिरप तस्करी का पैसा गया है उनके नाम भी सबके सामने लाए जाएंगे।
यूपी सीएम ने बताया कि, कोडीन फॉस्फेट एनडीपीएस के अंतर्गत आने वाली एक दवा है, जिसका इस्तेमाल गंभीर खांसी के लिए कफ सिरप बनाने में उपयोग होता है लेकिन केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीआई) इसे केवल कुछ चुनिंदा दवाओं के निर्माण के लिए ही इसके इस्तेमाल की अनुमति देता है और इसका कोटा व वितरण तय किया जाता है। तमाम जगहों पर नशीले पदार्थ के रूप में इस कफ सिरप के दुरुपयोग की शिकायतों के बाद इस पर हमने कार्रवाई की। अवैध रूप से इसकी तस्करी की शिकायतें आई थीं। हमने इस पर कार्रवाई प्रारम्भ की है। अब तक काफी बड़े पैमाने पर एक्शन लेते हुए व्यापक गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
