हिंदू नहीं, मुसलमान थे भगवान राम, टीएमसी विधायक मदन मित्रा का भड़काऊ बयान, बीजेपी का पलटवार
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के विधायक मदन मित्रा ने भगवान राम के बारे में एक बहुत ही आपत्तिजनक और भड़काऊ बयान दिया है। मदन मित्रा का कहना है कि भगवान राम हिंदू नहीं, मुसलमान थे। मदन मित्रा के इस बयान को लेकर बीजेपी ने पलटवार करते हुए निशाना साधा है। पश्चिम बंगाल बीजेपी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर मदन मित्रा का वीडियो शेयर करते हुए टीएमसी को हिंदू विरोधी पार्टी करार दिया है।
बीजेपी ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, ऐसा लगता है कि नेता हिंदू देवी-देवताओं और हिंदू मान्यताओं का अपमान करने से खुद को रोक नहीं पाते। अब टीएमसी विधायक मदन मित्रा का कहना है कि भगवान राम मुसलमान थे, हिंदू नहीं। हमारी संस्कृति और इतिहास का यह निरंतर अपमान महज जुबान फिसलने की बात नहीं है, बल्कि यह अवैध बांग्लादेशियों को एक स्पष्ट संदेश है कि टीएमसी सर्वाधिक हिंदू विरोधी पार्टी है और इसलिए उनकी (मुस्लिमों की) मान्यताओं का प्रतिनिधित्व करती है। शुक्र है, कुछ ही महीनों में ऐसे हिंदू विरोधी नेता सत्ता में नहीं रहेंगे।
आपको बता दें कि यह कोई पहला ऐसा मौका नहीं है जब किसी नेता के द्वारा हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाते हुए देवी देवताओं के लिए विवादित टिप्पणी की गई हो। इससे पहले ही विपक्ष के इंडिया गठबंधन में शामिल कई दलों के नेताओं के द्वारा सनातन धर्म और हिंदू विरोधी बयानबाजी की जा चुकी है। दक्षिण राज्य में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और उनकी पार्टी के नेता कई बार सनातन धर्म पर उंगली उठा चुके हैं। हाल ही में तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने भी हिंदुओं की आस्था का मजाक उड़ाते हुए देवी देवताओं का अपमान किया था। रेड्डी ने कहा था कि हिंदुओं के इतने देवता क्यों हैं? जो कुंवारे हैं, उनके भगवान हनुमान हैं, दो बार शादी करने वालों के लिए दूसरा भगवान है, इसी तरह शराब पीने वालों के भगवान अलग हैं।
