आईसीसी टी20 रैंकिंग में वरुण चक्रवर्ती ने रचा इतिहास, 818 रेटिंग हासिल करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज
नई दिल्ली। भारतीय गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती ने इतिहास रच दिया है। आईसीसी टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में पहले से टॉप पोजिशन पर काबिज वरुण के रेटिंग प्वाइंट्स 818 हो गए हैं। इसी के साथ टी20 इंटरनेशनल में वरुण सर्वोच्च रेटिंग हासिल करने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। वरुण से पहले कोई भी भारतीय बॉलर टी20 में इतनी रेटिंग तक नहीं पहुंचा। साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज के तीन मैचों में वरुण में बेहतरीन बॉलिंग करते हुए 6 विकेट चटकाए हैं। धर्मशाला में हुए तीसरे टी20 मैच में वरुण ने 4 ओवर में 11 रन देकर दो विकेट लिए थे। वरुण को अपने इस प्रदर्शन का फायदा मिला और उनकी रैंकिंग में जबर्दस्त उछाल आया।
टी20 बॉलर्स की रैंकिंग में न्यूजीलैंड के सीमर जैकब डफी दूसरे स्थान पर हैं और उनकी रेटिंग 699 है। इस तरह से वरुण और सीमर की रैंकिंग में 119 अंकों का लंबा अंतर है। बांग्लादेश के राशिद खान तीसरे पायदान पर हैं। इस रैंकिंग के साथ वरुण ने भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को पीछे कर दिया है। बुमराह ने फरवरी 2017 में अपने करियर की बेस्ट रेटिंग 783 हासिल की थी। टी20 इंटरनेशनल किसी भारतीय गेंदबाज की सबसे सर्वश्रेष्ठ रेटिंग थी।
टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग की बात करें तो भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा भी नंबर एक की कुर्सी पर कब्जा जमाए हुए हैं। उनके मौजूदा रेटिंग प्वाइंट्स 909 हो गए हैं। वहीं भारत के तिलक वर्मा दो स्थानों की छलांग मारते हुए नंबर चार की पोजिशन पर पहुंच गए हैं और उनके रेटिंग प्वाइंट्स अब 774 की हो गई हैं। बल्लेबाजों में दूसरे नंबर पर इंग्लैंड के फिल साल्ट हैं। उनकी रेटिंग 849 है। जबकि श्रीलंका के पथुम निसंका 779 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ तीसरे नंबर पर बने हुए हैं। भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव जो कुछ समय पहले तक रैंकिंग में टॉप पोजिशन पर थे अब वो 10वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
