April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मनोज कुमार के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी ने जताया शोक, शेयर की पुरानी तस्वीरें

नई दिल्ली। अभिनेता मनोज कुमार के निधन से जहां एक ओर उनके चाहने वाले दुखी हैं और बॉलीवुड में मातम छाया हुआ है, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक संवेदना जताई है। पीएम मोदी ने मनोज कुमार के साथ अपनी मुलाकात की दो फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। एक फोटो तो बहुत पुरानी है जबकि दूसरी फोटो हाल ही के समय की है। मोदी ने अपने शोक संदेश में लिखा, महान अभिनेता और फ़िल्मकार मनोज कुमार जी के निधन से बहुत दुःख हुआ। वे भारतीय सिनेमा के प्रतीक थे, जिन्हें ख़ास तौर पर उनकी देशभक्ति के जोश के लिए याद किया जाता था, जो उनकी फ़िल्मों में भी झलकता था। मनोज जी के कामों ने राष्ट्रीय गौरव की भावना को जगाया और वे पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। इस दु:ख की घड़ी में मेरी संवेदनाएँ उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।

उधर, मनोज कुमार के बेटे कुणाल गोस्वामी ने अपने पिता के निधन की जानकारी देते हुए बताया कि आज सुबह तकरीबन साढ़े तीन बजे के आसपास उन्होंने अंतिम सांस ली। कुणाल के अनुसार मनोज कुमार को लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां थीं। दो महीने बाद उनका जन्मदिन आने वाला था जब वो 88 साल के हो जाते। मनोज कुमार का अंतिम संस्कार कल यानी शनिवार को किया जाएगा।

आपको बता दें कि मनोज कुमार का असली नाम हरिकृष्ण गोस्वामी था। वो अभिनेता दिलीप कुमार से इतना ज्यादा प्रभावित थे कि उन्होंने अपना नाम मनोज कुमार रख लिया था। उनके परिवार में उनकी पत्नी शशि गोस्वामी, दो बेटे कुणाल गोस्वामी और विशाल गोस्वामी हैं। मनोज कुमार के एक भाई भी हैं जिनका नाम राजीव गोस्वामी है। कुणाल गोस्वामी ने भी बतौर एक्टर अपने करियर की शुरुआत की थी मगर वो सफल नहीं हो सके। 1981 में मनोज कुमार की फिल्म क्रांति से ही कुणाल ने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी।