अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव पर कार्रवाई, राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी से निष्कासित
नई दिल्ली। बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने जब से अनुष्का यादव के साथ अपने रिलेशनशिप का खुलासा किया है तब से यह पूरा मामला सुर्खियों में छाया हुआ है। तेज प्रताप यादव को पहले उनके लालू प्रसाद यादव ने अपनी पार्टी आरजेडी से निष्कासित कर दिया और परिवार से भी अलग कर दिया। अब अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव पर भी एक्शन हुआ है। आकाश को राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। आकाश आरएलजेपी में छात्र प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति पारस ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से आकाश पर कार्रवाई किए जाने की बात कही। उन्होंने पार्टी महासचिव एलविश जोसफ के द्वारा जारी किया आकाश यादव का निष्कासन लेटर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। साथ ही उन्होंने लिखा कि वर्तमान राजनीतिक घटनाक्रम को देखते हुए आकाश यादव, राष्ट्रीय अध्यक्ष (छात्र प्रकोष्ठ) आरएलजेपी को राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी से तत्काल प्रभाव से 6 वर्षों के लिए निष्कासित किया जाता है। हालांकि अभी तक इस मामले में आकाश यादव की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
आपको बता दें कि आकाश यादव ने दो दिन पहले ही तेज प्रताप और अपनी बहन अनुष्का यादव का समर्थन करते हुए लालू परिवार को चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि अगर कोई मुझे, मेरे परिवार या मेरी बहन की इज्जत हनन करने का प्रयास करेगा तो उसे पुरजोर जवाब दिया जाएगा। आकाश ने तेज प्रताप को आरजेडी से निकाले जाने के लिए तेजस्वी यादव को जिम्मेदार ठहराया था। जिस तरह से तेजस्वी यादव ने तेज प्रताप के खिलाफ कार्रवाई की है और मीडिया में आकर बयान दिया उसी तरह मैं भी आपके सामने आया हूं। अगर कोई समझदार आदमी होता तो बैठकर बात करता लेकिन तेजस्वी ने ट्वीट-ट्वीट करके ही कार्रवाई करा दी।
