दिल्ली में कोरोना से पहली मौत, जानिए देशभर में अब कितने हो गए हैं एक्टिव केस
नई दिल्ली। भारत में कोविड-19 संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इस बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना से पहली मौत की खबर सामने आई है। मृतक महिला की उम्र 60 वर्ष थी और हाल ही में उनका पेट का ऑपरेशन किया गया था। ऑपरेशन के बाद टेस्ट में पाया गया कि महिला को कोरोना संक्रमण है। हालांकि उसमें पहले से कोई कोरोना के लक्षण नहीं थे। पूरे देश में कोरोना पीड़ित अब तक 15 लोगों हो मृत्यु चुकी है, इनमें सर्वाधिक 6 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई है। कोरोना के एक्टिव केसों की देशभर में अब तक संख्या 2710 तक पहुंच गई है।
केरल में सबसे ज्यादा एक्टिव मामले 1147 हैं। कोविड मामलों में महाराष्ट्र दूसरे नंबर पर है यहां 424 संक्रमित मिले हैं। वहीं दिल्ली में भी कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर हुए 294 हो गई है। गुजरात में 223 कोविड संक्रमित हो गए हैं। पूरे देश में पिछले 24 घंटों में कोविड संक्रमण के 511 मामले सामने आ चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि वो किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। सभी अस्पतालों को बेड, दवाओं तथा उपचार के लिए सभी उपकरणों का स्टॉक रखने को बोला गया है।
कोविड-19 के बढ़ते मामलों पर विश्व स्वास्थ्य संगठन की पूर्व मुख्य वैज्ञानिक सौम्या स्वामीनाथन का कहना है कि इसे डरने की जरूरत नहीं है लेकिन एहितयात बरतना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस भविष्य में भी हमारे साथ रहेगा। हम कुछ महीनों के अंतराल में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि देखेंगे। हालाँकि, हमारे पास एक मजबूत प्रतिरक्षा प्रणाली है, और टीकाकरण भी हमें मजबूत रखता है। यही कारण है कि अब कोरोनावायरस के कारण होने वाला संक्रमण बहुत हल्का है। उन्होंने बताया कि समय के साथ चूंकि कोविड वायरस अपने आप को बदल लेता है इसलिए उससे इंफेक्शन हो जाता है।
