लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान अहमदाबाद में क्रैश, 242 यात्री थे सवार
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद से भयानक खबर आई है। जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया का लंदन जा रहा 787-8 ड्रीमलाइनर विमान गुरुवार दोपहर टेक ऑफ करने के बाद अहमदाबाद के मेघानी इलाके में क्रैश हो गया। जानकारी के मुताबिक विमान में 242 यात्री सवार थे। खबर लिखे जाने तक ये जानकारी नहीं मिल सकी है कि विमान आखिर क्रैश क्यों हुआ? माना जा रहा है कि विमान में कोई तकनीकी खराबी आई होगी। हालांकि, एयर इंडिया के विमान के क्रैश होने की वजह फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर की छानबीन के बाद ही पता चल सकेगा। एयर इंडिया का जो विमान क्रैश हुआ है, उसका फ्लाइट नंबर AI171 है। अपुष्ट जानकारी के मुताबिक विमान में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपानी भी सवार थे और वो घायल हुए हैं। विजय रूपानी की बेटी लंदन में ही रहती हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विमान ने अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरी ही थी। अचानक विमान जमीन पर आ गिरा। तेज धमाके के साथ ही विमान में आग लग गई और आसमान में काले धुएं के बादल छा गए। जानकारी के मुताबिक विमान में सवार यात्रियों में से तमाम के हताहत होने की आशंका है। एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI171 अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट जा रही थी। गुजरात से तमाम लोग लंदन आते-जाते रहते हैं। साथ ही ब्रिटेन में बड़ी संख्या में गुजरात के लोग रहते भी हैं। ऐसे में उनका लंदन से अहमदाबाद आना-जाना लगा रहता है।
एयर इंडिया को टाटा ग्रुप ने जबसे सरकार से लिया है, उसकी सेवा में तमाम खामियां सामने आती रही हैं। एक बार तो केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल-दिल्ली उड़ान में टूटी सीट मिलने की शिकायत की थी। हर खामी पर टाटा ग्रुप यही कहता रहा है कि वो एयर इंडिया को विश्वस्तरीय बनाने का काम कर रहा है। टाटा ग्रुप ने हालांकि विदेशी कंपनियों से नए विमान खरीदने का सौदा किया है, लेकिन पुराने विमानों को एकदम से बेड़े से हटाना भी संभव नहीं होता। अब देखना है कि आखिरकार अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में क्या खराबी आई कि इतना बड़ा हादसा हो गया।
