‘आसिम मुनीर ओसामा बिन लादेन जैसा’, अमेरिका के पूर्व अफसर ने पाकिस्तान को आतंकी देश घोषित करने की मांग की
वॉशिंगटन। पाकिस्तान सेना के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की तरफ से भारत को परमाणु युद्ध की धमकी देने का अमेरिका में विरोध शुरू हुआ है। आसिम मुनीर ने अमेरिका की जमीन से भारत को परमाणु युद्ध की धमकी दी थी। इस पर अमेरिका के रक्षा विभाग पेंटागन के पूर्व अफसर माइकल रुबिन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। रुबिन ने पाकिस्तान सेना प्रमुख के इस बयान की तुलना आतंकी ओसामा बिन लादेन से की। अमेरिकी सरकार के पूर्व अफसर ने कहा कि पाकिस्तान को प्रमुख गैर नाटो सहयोगी का दर्जा देना बंद कर आतंकवाद को शह देने वाले देश की सूची में डालना चाहिए। पेंटागन के पूर्व अफसर माइकल रुबिन ने कहा कि अमेरिका की जमीन से पाकिस्तान की धमकी पूरी तरह अस्वीकार्य हैं।
पेंटागन के पूर्व अफसर माइकल रुबिन ने कहा कि आसिम मुनीर की धमकी के बाद कई लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि क्या पाकिस्तान अब एक जिम्मेदार देश के तौर पर रहने लायक है या उसका अंत होने का वक्त आ गया है। रुबिन ने मांग की कि पाकिस्तान को अब अमेरिका के सेंट्रल कमांड का सदस्य नहीं रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक पाकिस्तान इस मामले में स्पष्टीकरण देकर माफी नहीं मांगता, आसिम मुनीर और पाकिस्तान के अन्य अफसरों को अमेरिका में अवांछित घोषित किया जाए। इन सभी को अमेरिका का वीजा भी नहीं मिलना चाहिए। पेंटागन के पूर्व अफसर ने हैरानी जताई कि आसिम मुनीर की धमकी के बाद वहां मौजूद अमेरिका के जनरलों ने वॉकआउट क्यों नहीं किया। रुबिन ने कहा कि इन सभी को इस्तीफा देना चाहिए।
आसिम मुनीर ने अमेरिका के दूसरे दौरे में एक निजी पार्टी में परमाणु युद्ध की धमकी देते हुए कहा था कि अगर पाकिस्तान के अस्तित्व को खतरा हुआ, तो वो आधी दुनिया को लेकर डूबेगा। आसिम मुनीर ने ये धमकी भी दी कि पाकिस्तान के पास काफी मिसाइल हैं। पाकिस्तान सेना प्रमुख ने कहा था कि सिंधु नदी किसी की जागीर नहीं है। अगर भारत ने सिंधु नदी पर बांध बनाया, तो पाकिस्तान दस मिसाइल दागकर उस बांध को नष्ट कर देगा। पहली बार ऐसा हुआ, जब अमेरिका की जमीन से किसी देश के अफसर ने तीसरे देश को परमाणु युद्ध की धमकी दी। भारत ने आसिम मुनीर के बयान पर दुनिया को ध्यान देने का आग्रह किया है।
