April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अरविंद केजरीवाल दलित विरोधी, वो फिर से बीजेपी की मदद कर सकते हैं, आप के इंडिया गठबंधन से अलग होने पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के इंडिया गठबंधन से अलग होने के ऐलान के बाद अब कांग्रेस ने इस पर प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि आम आदमी पार्टी का जन्म बीजेपी और आरएसएस की वजह से हुआ था। आप की विचारधारा बीजेपी और आरएसएस की है। आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि वो दलित विरोधी हैं और सामाजिक न्याय के भी विरोधी हैं। हमारी विचारधाराएं मिलती नहीं हैं, लेकिन संविधान बचाने के लिए हम साथ आए। अब यह उन पर निर्भर है कि वे गठबंधन छोड़ना चाहते हैं या नहीं। वो फिर से बाहर से बीजेपी की मदद कर सकते हैं।

उदित राज ने आगे कहा कि अन्ना हजारे एक अकेले व्यक्ति थे और अरविंद केजरीवाल का एक एनजीओ था, लेकिन पर्दे के पीछे से ताकत देने वालों में बीजेपी, आरएसएस, बजरंग दल, विहिप और एबीवीपी शामिल थे। बीजेपी ने उन्हें एक सजाया-संवारा हुआ आंदोलन का मंच दिया और इस तरह आप का जन्म हुआ। हो सकता है कि भविष्य में फिर से आम आदमी पार्टी इंडिया अलायंस में शामिल हो सकती है, लेकिन इंडिया गठबंधन से आप के हटने का मतलब यह नहीं है कि इंडिया अलायंस कमजोर हो गया है।

दरअसल आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने एक दिन पहले बयान दिया था कि हमने अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। इंडिया गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव तक ही था। आप अब आधिकारिक रूप से इंडिया गठबंधन में शामिल नहीं है। आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव के बाद कई बार इंडिया गठबंधन के अस्तित्व को लेकर सवाल उठ चुके हैं। बड़ी बात यह है कि सवाल उन्हीं पार्टियों के द्वारा उठाया गया जो इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं। कुछ दिन पहले ही जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी सवालिया लहजे में कहा था कि क्या इंडिया गठबंधन अभी अस्तित्व में है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *