पटना के चंदन मिश्रा हत्याकांड में बिहार पुलिस को बड़ी सफलता, इस जगह से गिरफ्तार हुए आरोपी
पटना। बिहार की राजधानी पटना के पारस हॉस्पिटल में घुसकर चंदन मिश्रा नाम के कुख्यात अपराधी की हत्या करने वालों के बारे में ताजा अपडेट आया है। न्यूज चैनल आजतक के मुताबिक चंदन मिश्रा की हत्या करने वाले पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार हुए हैं। पटना पुलिस और बिहार एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में ये गिरफ्तारियां की गई हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पटना पुलिस ने चंदन मिश्रा हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी पर कोई बयान जारी नहीं किया था। चंदन मिश्रा की हत्या करने वाले पांच हमलावर थे। वे पिस्टल लेकर पटना के पारस हॉस्पिटल पहुंचे थे और चंदन मिश्रा की हत्या कर वहां से भाग गए थे।
बिहार पुलिस के एडीजी कुंदन कृष्णन ने शुक्रवार को ये कहा था कि चंदन मिश्रा की हत्या में शेरू सिंह के लोगों का हाथ है। शेरू सिंह फिलहाल पश्चिम बंगाल के पुरुलिया की जेल में कैद है। जानकारी के मुताबिक पटना पुलिस और बिहार एसटीएफ को ये पुख्ता जानकारी मिली थी कि चंदन मिश्रा की हत्या में शेरू सिंह का ही हाथ है। इसके बाद हत्या के आरोपियों पर और गहरी नजर टिका दी गई। बताया जा रहा है कि चंदन मिश्रा और शेरू सिंह पहले साथ मिलकर ही अपराध करते थे। फिर किसी घटना के मसले पर चंदन मिश्रा और शेरू सिंह के बीच रंजिश हो गई थी। इसी रंजिश के कारण चंदन मिश्रा की हत्या कराई गई।
चंदन मिश्रा की हत्या से बिहार की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई थी। चंदन मिश्रा से पहले पटना समेत बिहार में अपराधियों ने महज एक हफ्ते में 10 से ज्यादा हत्याएं की थीं। जान गंवाने वालों में पटना के मशहूर कारोबारी गोपाल खेमका भी थे। पुलिस ने गोपाल खेमका की हत्या के मामले में एक दूसरे कारोबारी को पकड़ा है और हत्या करने वाला भी गिरफ्त में आ चुका है। चंदन मिश्रा की हत्या के बाद बिहार सरकार के अलावा पुलिस पर भी सवाल उठने लगे थे। विपक्षी नेता तेजस्वी यादव के अलावा एनडीए में शामिल केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी लगातार हत्या की घटनाओं के मसले को उठाया था। ऐसे में आरोपियों की गिरफ्तारी बिहार पुलिस की नाक का सवाल हो गया था।
