June 2, 2026

Hind foucs news

hindi new update

भारत का जल्द होगा अपना स्पेस स्टेशन, राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस की बधाई देते हुए बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली। राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के वैज्ञानिकों, युवाओं और इसरो को बधाई दी। मोदी बोले, नेशनल स्पेस डे हमारे युवाओं में उत्साह और आकर्षण का अवसर बन गया है, यह देश के लिए गर्व की बात है। अंतरिक्ष के क्षेत्र में एक के बाद एक नए मील के पत्थर गढ़ना, ये हमारे देश के वैज्ञानिकों का स्वभाव बन गया है। आज भारत सेमी क्रायोजेनिक इंजन और इलेक्ट्रिक प्रोपल्सन जैसी निर्णायक प्रौद्योगिकी क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। जल्द ही, वैज्ञानिकों की मेहनत से, भारत गगनयान की उड़ान भी भरेगा और आने वाले समय में भारत अपना स्पेस स्टेशन भी बनाएगा।

पीएम मोदी ने आगे कहा, आज अंतरिक्ष-तकनीक भारत में गवर्नेंस का भी हिस्सा बन रही है। फसल बीमा योजना में उपग्रह आधारित आकलन हो, मछुआरों को सैटेलाइट के जरिए मिल रही जानकारी और सुरक्षा हो, आपदा प्रबंधन हो या पीएम गति शक्ति नेशनल मास्टर प्लान में भू-स्थानिक डेटा का इस्तेमाल हो, हर प्रकार से आज स्पेस में भारत की प्रगति सामान्य नागरिकों का जीवन आसान बना रही है। वहीं इसरो प्रमुख वी. नारायणन ने भारतीय अंतरिक्ष मिशन से जुड़ी तमाम उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि 23 अगस्त 2023 एक ऐतिहासिक दिन था। भारत ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास चंद्रयान-3 की सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग कराई। हम ऐसा करने वाले एकमात्र देश बन गए।

नारायणन बोले, भारत के प्रधानमंत्री, जो एक दूरदर्शी नेता हैं और हमारे मंत्री ने हमें अंतरिक्ष गतिविधियों को अंजाम देने के लिए दिशानिर्देश दिए। पीएम मोदी ने ही चंद्रयान-3 के लैंडिंग स्थल का नाम ‘शिव शक्ति’ रखा। उन्होंने 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस घोषित भी किया। बता दें कि नई दिल्ली भारत मंडपम में ISRO द्वारा आयोजित दूसरे राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस कार्यक्रम में भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *