April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

तेजस्वी यादव के खिलाफ महाराष्ट्र और यूपी में दो एफआईआर दर्ज, पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ की थी अमर्यादित टिप्पणी

नई दिल्ली। बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव आज कल कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ मिलकर बिहार में वोटर अधिकार यात्रा निकाल रहे हैं। बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले किए गए मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का विरोध करते हुए विपक्षी दलों के द्वारा सरकार और चुनाव आयोग को घेरने का प्रयास किया जा रहा है। इस बीच तेजस्वी यादव के खिलाफ महाराष्ट्र और यूपी में दो अलग-अगल एफआईआर दर्ज हुई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ तेजस्वी यादव के आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली से बीजेपी विधायक मिलिंद रामजी नरोटे ने गढ़चिरौली थाने में तेजस्वी यादव के खिलाफ एफआईआर कराई है। वहीं यूपी के शाहजहांपुर की बीजेपी महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता ने भी तेजस्वी यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जो अमर्यादित टिप्पणी की है उससे लोगों में उनके प्रति गुस्सा है। इसके लिए तेजस्वी यादव को पीएम से माफी मांगनी चाहिए। वहीं बीजेपी के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने पीएम मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी को लेकर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर दर्ज हुई एफआईआर पर कहा, पीएम मोदी इस प्रकार के दुष्प्रचार और दुराग्रह को दरकिनार करके बिना थके, बिना रुके राष्ट्र निर्माण के लिए काम कर रहे हैं।

नकवी बोले, इस तरह के हमलों से वह और मजबूत होकर उभरते हैं चाहे यह हमला करने वाले राष्ट्रीय हों या अंतराष्ट्रीय। आपको बता दें कि कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के गया में 13 हजार करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्‍यास किया था। उनके कार्यक्रम से पहले तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था कि आज गया में लगेगी झूठ और जुमलों की दुकान! प्रधानमंत्री जी, गया में बिना हड्डी की जुबान से आज झूठ और जुमलों का हिमालय खड़ा करेंगे लेकिन बिहार की न्यायप्रिय जनता दशरथ मांझी की तरह उनके झूठ और जुमलों के इन विशाल पहाड़ों को तोड़ देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *