April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

क्या सच में अरविंद केजरीवाल का 8.5 किलो वजन गिरा है? तिहाड़ प्रशासन ने अपनी रिपोर्ट में किया चौंकाने वाला दावा

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जब से तिहाड़ जेल में बंद हैं उसके बाद से आम आदमी पार्टी के नेता लगातार उनकी सेहत को लेकर दावे कर रहे हैं कि उनका शुगर लेवल अनियंत्रित है, उनका वजन 8.5 किलो कम हो गया है और उनको स्ट्रोक का खतरा है। अब अरविंद केजरीवाल के स्वास्थ्य को लेकर तिहाड़ प्रशासन की ओर से रिपोर्ट जारी की गई है। इस रिपोर्ट में तिहाड़ प्रशासन ने यह बताया है कि अरविंद केजरीवाल का वजन गिरा तो है लेकिन उतना नहीं जितना आम आदमी पार्टी के नेता दावा कर रहे हैं। जेल प्रशासन ने तो यह भी कहा है कि केजरीवाल जान बूझकर अपना वजन कम कर रहे हैं और ऐसा करने के लिए वो अक्सर अपने घर से आए खाने को लौटा देते हैं।

जेल प्रशासन ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि 1 अप्रैल को जब केजरीवाल पहली बार तिहाड़ जेल में लाए गए थे तब उनका वजन 65 किलो था। लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद 10 मई को तिहाड़ से निकलते समय उनका वजन 64 किलो था। चुनाव खत्म होने के बाद 2 जून को जब दिल्ली के मुख्यमंत्री ने सरेंडर किया तो उनका वजन 63.5 किलो था। 14 जुलाई यानी कल उनका वजन जब नापा गया तो वो 61.5 किलो निकला। इस तरह से आप नेताओं को ये दावा कि केजरीवाल का जेल में वजन 8.5 किलो गिरा है बिलकुल ही बेबुनियाद है।

जेल प्रशासन ने यह भी बताया कि एम्स का एक मेडिकल बोर्ड केजरीवाल की सेहत की लगातार निगरानी कर रहा है। इतना ही नहीं उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल खुद मेडिकल बोर्ड से नियमित परामर्श लेती रहती हैं। आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी सरकार में मंत्री आतिशी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बीते दिनों दावा किया कि केजरीवाल की तबियत ठीक नहीं है, उनका वजन लगातार गिर रहा है जो किसी गंभीर बीमारी का संकेत है।