May 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

चुनाव आयोग ने जारी की अधिसूचना, पश्चिम बंगाल में नई विधानसभा का होगा गठन, ममता बनर्जी ने इस्तीफा न दिया तो…

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद नई विधानसभा के गठन के बारे में अधिसूचना जारी कर दी है। चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के गवर्नर आरएन रवि को अधिसूचना भेज दी है। अब गवर्नर पश्चिम बंगाल में नई सरकार का गठन कर सकते हैं। अधिसूचना जारी करने के साथ ही पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग का काम खत्म हो गया है। साथ ही राज्य पर लागू आदर्श आचार संहिता भी हट गई है। इस अधिसूचना के जारी होने के साथ ही सबकी नजर ममता बनर्जी पर टिकी हुई है।

चुनाव आयोग की ओर से पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव पूरा होने और नतीजों के बारे में जारी अधिसूचना के बाद अब टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी को सीएम पद से इस्तीफा देना होगा। ममता बनर्जी ने मंगलवार को ये कहा था कि वो इस्तीफा देने गर्वनर के पास नहीं जाएंगी। ममता बनर्जी ने कहा था कि वो हारी नहीं हैं। उनको जबरदस्ती हराया गया है। अब सबकी नजर इस पर है कि चुनाव आयोग की अधिसूचना जारी होने के बाद ममता बनर्जी इस्तीफा देने के लिए गवर्नर आरएन रवि से मुलाकात करती हैं या नहीं। अगर ममता बनर्जी ने इस्तीफा न दिया, तो गवर्नर को उनकी सरकार बर्खास्त करने का भी अधिकार है और वो चाहें तो फ्लोर टेस्ट भी करा सकते हैं।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में बीजेपी ने 206 सीटों पर जीत हासिल की है। बीजेपी को करीब 45 फीसदी वोटर मिले। जबकि ममता बनर्जी की टीएमसी के 80 विधायक ही जीतकर पश्चिम बंगाल विधानसभा पहुंच सके हैं। टीएमसी को इस बार चुनाव में बीजेपी के मुकाबले करीब 4 फीसदी कम वोट हासिल हुए हैं। जबकि, 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की पार्टी ने 48 फीसदी वोट हासिल करते हुए 213 सीटों को अपने नाम किया था। तब बीजेपी के सिर्फ 77 उम्मीदवार ही चुनाव जीत सके थे। इस बार बीजेपी ने घोटाला, नारी सुरक्षा में कमी, विकास और नौकरी, उद्योग न लगने वगैरा को मुद्दा बनाकर ममता बनर्जी की टीएमसी को पटकनी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *