मुस्लिम इन्फ्लूएंसर जैस्मिन जाफर ने केरल के प्रसिद्ध गुरुवायुर मंदिर में कर दी ये हरकत, हंगामा मचने पर मांगी माफी
त्रिशूर। व्लॉगिंग और रील बनाने का लोगों को ऐसा चस्का लगा है कि इनमें से कई नियम-कायदे तक नहीं मानते। ताजा मामला केरल के त्रिशूर जिले स्थित विश्व प्रसिद्ध गुरुवायुर मंदिर का है। बिग बॉस मलयालम में शामिल हो चुकीं और इन्फ्लूएंसर जैस्मिन जाफर ने गुरुवायुर मंदिर में इंस्टाग्राम रील बनाई और इससे बड़ा विवाद हो गया। इसकी वजह ये है कि जैस्मिन जाफर मुस्लिम हैं। गुरुवायुर में भगवान श्रीकृष्ण का मंदिर है। यहां पहुंचकर जैस्मिन जाफर ने रील बनाई और पवित्र सरोवर में पैर डुबोए। इसके बाद मंदिर प्रबंधन को यहां छह दिन का शुद्धिकरण कार्यक्रम करना पड़ रहा है।
जैस्मिन ने गुरुवायुर मंदिर के पवित्र सरोवर में पैर डुबोने का रील बनाकर इंस्टाग्राम पर डाला। जैस्मिन जाफर का रील देखते ही गुरुवायुर मंदिर के श्रद्धालु और कई सांस्कृतिक संगठन नाराज हो गए। उन्होंने इसकी निंदा की और रीति-रिवाजों के खिलाफ बताते हुए धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करार दिया। जब काफी हंगामा मचा, तो गुरुवायुर देवोसम बोर्ड ने छह दिन के शुद्धिकरण कार्यक्रम का एलान किया। इस दौरान 18 पूजा और 18 शीवेली कराई जानी है। शुद्धिकरण के दौरान श्रद्धालु भगवान गुरुवायुर के दर्शन भी नहीं कर सकेंगे। मंदिर की सुरक्षा में लगे थाने में गुरुवायुर देवोसम बोर्ड ने जैस्मिन जाफर की शिकायत की है।
गुरुवायुर देवोसम बोर्ड ने शिकायत में कहा है कि जैस्मिन जाफर ने पवित्र सरोवर में पैर डालकर धार्मिक पद्धति का उल्लंघन किया है। साथ ही मंदिर के पवित्र स्थलों के फोटो और वीडियो बनाने पर केरल हाईकोर्ट की रोक का भी उल्लंघन किया। मामले पर विवाद छिड़ने के बाद जैस्मिन जाफर ने सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी है। जैस्मिन जाफर ने गुरुवायुर मंदिर की रील भी इंस्टाग्राम से डिलीट कर दी। जैस्मिन जाफर ने कहा कि उनको जानकारी नहीं थी। किसी की भावनाओं को वो चोट भी नहीं पहुंचाना चाहती हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले को देख रही है। माफी मांगने के बावजूद अगर गुरुवायुर मंदिर प्रबंधन अपनी शिकायत पर अड़ा रहा, तो जैस्मिन जाफर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ सकती है।
