‘वामपंथी पार्टियां दुनिया से गायब…कांग्रेस देश से खत्म हो रही : गृहमंत्री अमित शाह
तिरुवनंतपुरम। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को केरल की राजधानी तिरुवनंतपुर में बोलते हुए वामपंथी दलों और कांग्रेस को निशाने पर लिया। अमित शाह ने आरोप लगाया कि वामदलों के एलडीएम और कांग्रेस के यूडीएफ गठबंधन के बीच मैच फिक्सिंग ने अपार संभावना वाले केरल का विकास रोक दिया। शाह ने कहा कि केरल में एलडीएफ और यूडीएफ सरकारें विदेश में बसे केरल के लोगों के भेजे पैसे से ही खुश हैं। उन्होंने कहा कि वो केरल के लोगों की सराहना करते हैं, लेकिन एलडीएफ और यूडीएफ से पूछना चाहते हैं कि जो विदेश से पैसे नहीं भेजते, क्या उनके परिवार की देखभाल करना केरल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है।
केरल के बीजेपी कार्यकर्ता सम्मेलन में गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि वो इस मौके पर केरल के लोगों से अपील करने आए हैं। उन्होंने कहा कि केरल के भविष्य का रास्ता चाहे वो विकास, सुरक्षा या मान्यताओं की रक्षा हो वामपंथी दलों के एलडीएफ और कांग्रेस के यूडीएफ के जरिए हासिल नहीं किया जा सकता। अमित शाह ने कहा कि वामपंथी दल पूरी दुनिया से गायब हो गए हैं और कांग्रेस पूरे भारत से खत्म हो रही है। अमित शाह ने कहा कि केरल के विकास का रास्ता सिर्फ नरेंद्र मोदी के एनडीए के साथ है। उन्होंने कहा कि जरूरत इसकी है कि केरल की जनता के पास विनम्रता और साफ विजन के साथ पहुंचा जाए।
केरल में अगले कुछ महीने में विधानसभा के चुनाव होने हैं। साल 2021 के केरल विधानसभा चुनाव में दूसरी बार वामदलों के एलडीएफ को जीत हासिल हुई थी। पिनरई विजयन केरल के सीएम हैं। उनकी सरकार के दौर में केरल के सबरीमला मंदिर से सोना गायब होने के आरोप में हंगामा मचा हुआ है। वहीं, सोना तस्करी के मामले में भी केरल में सियासी भूचाल आया था। इसके अलावा बीजेपी लगातार ये आरोप लगाती है कि केरल में यूडीएफ सरकार के दौर में उसके कार्यकर्ताओं की लगातार हत्या की घटनाएं हुईं। इन सभी मुद्दों के साथ बीजेपी केरल विधानसभा चुनाव में उतरने की तैयारी करती दिख रही है। हाल ही में बीजेपी ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम चुनाव जीता है। जिससे पार्टी का उत्साह बढ़ा है।
