भारत पर लागू हुआ डोनाल्ड ट्रंप का 50 फीसदी टैरिफ, जानिए किन क्षेत्रों पर पड़ेगा इसका असर और कौन से बचेंगे?
नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से घोषित 50 फीसदी टैरिफ आज से भारत पर लागू हो गया है। भारतीय समय के मुताबिक बुधवार सुबह 9.30 बजे से ट्रंप की ओर से घोषित अतिरिक्त 25 फीसदी टैरिफ लागू हुआ है। इससे पहले 7 अगस्त को भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लागू हुआ था। ट्रंप के टैरिफ से भारत के कई क्षेत्रों पर असर पड़ेगा। वहीं, तमाम ऐसे क्षेत्र भी हैं, जिनका बनाया सामान अमेरिका भेजने पर टैरिफ नहीं लगने वाला। एसएंडपी ग्लोबल ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि भारत से टेलीकॉम संबंधी यंत्र, आईटी, बैंकिंग और रियल एस्टेट संबंधी सेवाएं देने पर टैरिफ का बहुत कम असर पड़ेगा।
वहीं, दवाइयां, कैपिटल गुड्स, सिले हुए कपड़े, सौर ऊर्जा के उपकरण, ऑटोमोबाइल्स, भोजन, गहने, और पेय पदार्थ बनाने वाली भारतीय कंपनियों को ट्रंप के टैरिफ का सबसे ज्यादा दंश झेलना पड़ सकता है। भारत हर साल 10 अरब डॉलर की दवाइयां अमेरिका निर्यात करता रहा है। इनमें ज्यादातर जेनरिक होती हैं। जबकि, भारत में सिले जाने वाले कपड़ों के निर्यात का 28 फीसदी हिस्सा अमेरिका को जाता रहा है। भारत के पड़ोसी बांग्लादेश भी सिले हुए कपड़े निर्यात करता है। ट्रंप ने उस पर कम टैरिफ लगाया है। ऐसे में उसके यहां के कपड़े अमेरिका के बाजारों पर कब्जा कर सकते हैं।
कुल मिलाकर ये अंदाजा लगा है कि ट्रंप के टैरिफ से भारत के कारोबार को 48 अरब डॉलर का झटका लग सकता है। ट्रंप के टैरिफ का अतिरिक्त 25 फीसदी लागू होने से ठीक पहले मंगलवार को पीएमओ में बड़ी बैठक हुई है। सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि ट्रंप के टैरिफ से जिन क्षेत्रों को नुकसान होने जा रहा है, उसका आकलन करने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार उनके लिए खास कदम उठा सकती है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्यापार समझौता न होने के कारण पहले भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने का एलान किया था। इसके बाद अचानक उन्होंने भारत पर ये आरोप लगाकर और 25 फीसदी टैरिफ का झटका दिया कि वो रूस से कच्चा तेल और हथियार खरीदकर यूक्रेन के खिलाफ जंग में मदद दे रहा है। वहीं, भारत ने ट्रंप को आईना दिखाते हुए कहा है कि अमेरिका और यूरोपीय देश खुद रूस से कारोबार कर रहे हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने भी भारत के इस बयान की बीते दिनों अलास्का में ट्रंप के सामने पुष्टि की थी। पुतिन ने कहा था कि ट्रंप सरकार बनने के बाद रूस और अमेरिका के कारोबार में 20 फीसदी बढ़ोतरी हुई है।
