June 8, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘ब’ से बीड़ी, ‘ब’ से बिहार, कांग्रेस के ट्वीट पर शुरू हुआ विवाद, बिहारियों के अपमान पर बीजेपी आगबबूला

नई दिल्ली। केंद्र सरकार की ओर से किए गए जीएसटी सुधार को लेकर केरल कांग्रेस ने एक ऐसा ट्वीट किया है जिसको लेकर अब विवाद शुरू हो गया है। दरअसल जीएसटी सुधार के तहत बीड़ी पर लगने वाले टैक्स को घटाकर 28 से 18 फीसदी कर दिया गया है। इसी बात को लेकर केरल कांग्रेस ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया, बीड़ी और बिहार दोनों ही ‘ब’ से शुरू होते हैं। अब इन्हें पाप नहीं माना जा सकता है। वहीं कांग्रेस के इस ट्वीट को बिहार और बिहारियों का अपमान बताते हुए बीजेपी ने पलटवार किया है।

बीजेपी नेता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, यह बिहार की जनता का घोर अपमान है। कांग्रेस बिहारियों की तुलना बीड़ी से करती है। पहले भी तेजस्वी यादव और राहुल गांधी रेवंत रेड्डी जैसे लोगों का साथ देते रहे हैं जिन्होंने बिहार और बिहारियों को गाली दी थी। कांग्रेस और आरजेडी बिहार विरोधी हैं। वहीं बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी कांग्रेस को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने फिर हद पार कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को गाली देने के बाद अब बिहार की तुलना बीड़ी से कर रही है। क्या तेजस्वी यादव इसका समर्थन करते हैं? तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से लेकर डीएमके और कांग्रेस बिहार विरोधी हैं। बिहार के प्रति उनकी नफरत साफ दिखाई देती है।

आपको बता दें कि केरल कांग्रेस ने ऐसे समय पर यह ट्वीट किया है जब हाल ही में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने बिहार में अपनी वोटर अधिकार यात्रा में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को भी बुलाया था। रेवंत रेड्डी और स्टालिन पहले भी कई बार बिहार और बिहार के लोगों के लिए अपमानजनक टिप्पणी कर चुके हैं। इसको लेकर बीजेपी ने पहले भी पलटवार किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *