यह माल के बंटवारे की लड़ाई, राघव चड्ढा और आप के बीच विवाद पर बोले बीजेपी नेता कपिल मिश्रा
नई दिल्ली। बीजेपी नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और आम आदमी पार्टी के बीच जारी विवाद मामले में प्रतिक्रिया देते हुए इसे यह माल के बंटवारे की लड़ाई बताया है। कपिल मिश्रा ने कहा कि उनकी पार्टी (आप) द्वारा राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी के उपनेता पद से हटाए जाने पर मैं फिर से कहूंगा कि यह माल के बंटवारे की लड़ाई है। राघव चड्ढा हों या कोई और व्यक्ति वो जब लुटेरों के गैंग से बाहर आना चाहता है, उसकी आत्मा जाग रही है तो उनके भ्रष्टाचार, लूट, शराब और ड्रग्स के धंधे के बारे में बात करे, जनता यह सुनना चाहती है।
वहीं दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा का कहना है कि किसे नेता या उपनेता बनाना है यह पार्टी का निर्णय होता है लेकिन जिस तरह से राज्यसभा सचिवालय को लिखा गया है कि राघव चड्ढा को बोलने की अनुमति न दी जाए यह बहुत ही आपत्तिजनक है। एक सांसद के रूप में चाहे वो पक्ष में हो या विपक्ष में, उसकी यह ड्यूटी होती है कि वह क्षेत्रीय समस्याएं या ऐसे मुद्दे जो समाज के हित में हों उस पर वो अपनी आवाज उठाता रहे और राघव चड्ढा समय-समय पर ऐसा करते रहे हैं। हम सब जानते हैं कि अरविंद केजरीवाल डरपोक और कमजोर आदमी हैं। वो विपक्ष को बर्दाश्त नहीं कर सकते, चाहे वह बाहर से हो या उनके अपने दल के भीतर से।
सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की हमने जो अब तक की प्रकृति देखी है, वो सामूहिक या संगठित गिरोह चलाना पसंद करते हैं। उनको सत्येंद्र जैन, मनीष सिसोदिया, नरेश बालियान जैसे लोग समझ में आते हैं जो किसी न किसी अपराध में लिप्त रहते हैं। अरविंद केजरीवाल को शायद राघव चड्ढा उपयुक्त नहीं लगते होंगे। मुझे लगता है राघव चड्ढा को इस मामले में खुलकर बोलना चाहिए।
